Skip to content
Sunday, 15 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
INDIA

जब रिकॉर्डिंग में टूटी चप्पल पहनकर पहुंचे थे चित्रगुप्त, लता मंगेशकर से जुड़ा है दिलचस्प किस्सा

जब रिकॉर्डिंग में टूटी चप्पल पहनकर पहुंचे थे चित्रगुप्त, लता मंगेशकर से जुड़ा है दिलचस्प किस्सा

Mumbai , 15 नवंबर . हिंदी सिनेमा के सुनहरे दौर में कई ऐसे संगीतकार हुए, जिन्होंने अपनी मधुर धुनों से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. इन्हीं में एक नाम संगीतकार चित्रगुप्त श्रीवास्तव का भी है. उनके संगीत में जहां लोकगीतों की मिठास थी, वहीं शास्त्रीय संगीत की खूबसूरती भी देखने को मिलती थी. उन्होंने ‘चल उड़ जा रे पंछी’, ‘लागी छूटे ना अब तो सनम’ और ‘चली चली रे पतंग’ जैसे कई यादगार गीतों को अपने संगीत से सजाया. लेकिन क्या आप जानते हैं कि चित्रगुप्त अपनी चप्पल टूट जाने के बाद भी उसी को पहनकर रिकॉर्डिंग में जाते थे? उनकी इस आदत से जुड़ा एक मजेदार किस्सा दिग्गज गायिका लता मंगेशकर से भी जुड़ा है.

16 नवंबर 1917 को बिहार के गोपालगंज में जन्मे चित्रगुप्त स्वभाव से बेहद सीधे-सादे और संकोची इंसान थे. वे अपने काम को लेकर जितने गंभीर रहते थे, उतने ही सरल अपने निजी जीवन में भी थे. वे अपनी एक पुरानी चप्पल को अपने लिए बेहद भाग्यशाली मानते थे. यहां तक कि चप्पल टूट जाने के बाद भी उन्होंने उसे पहनना नहीं छोड़ा.

चित्रगुप्त का मानना था कि जब वे इस चप्पल को पहनकर गाने की रिकॉर्डिंग के लिए जाते हैं, तो सब कुछ अच्छा होता है. यही वजह थी कि वे रिकॉर्डिंग के समय भी अपनी उसी पुरानी चप्पल को पहनकर पहुंचते थे. उनकी इस आदत को देखकर कई लोग उनका मजाक भी उड़ाते थे, लेकिन चित्रगुप्त को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता था.

एक दिन चित्रगुप्त रिकॉर्डिंग के लिए स्टूडियो पहुंचे तो वह ठीक से चल नहीं पा रहे थे. उनके कदमों में लड़खड़ाहट देखकर लता मंगेशकर ने उनसे पूछा कि आखिर उन्हें क्या हुआ है? क्या उनके पैर में दर्द है या कोई चोट लगी है?

इस पर चित्रगुप्त ने बताया कि उनकी चप्पल टूटी हुई है और वे उसी को पहनकर आए हैं. यह सुनकर लता मंगेशकर ने उन्हें नई चप्पल खरीदने की सलाह दी. लेकिन चित्रगुप्त ने साफ मना कर दिया. उन्होंने बताया कि यह चप्पल उनके लिए लकी है और इसे पहनकर रिकॉर्डिंग करने से सब अच्छा रहता है.

चित्रगुप्त की यह बात सुनकर लता मंगेशकर अपनी हंसी नहीं रोक पाईं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें लता की आवाज से ज्यादा अपनी चप्पल पर भरोसा है. उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई.

चित्रगुप्त ने अपने पूरे करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में संगीत दिया. हिंदी फिल्मों के साथ-साथ भोजपुरी सिनेमा में भी उनका बड़ा योगदान रहा. ‘गंगा मइया तोहे पियरी चढ़इबो’ जैसी फिल्म के संगीत ने भोजपुरी सिनेमा को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

–

पीआईएम/एएस

Share