Skip to content
Sunday, 15 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

मेलबर्न स्टार्स को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण डब्ल्यूबीबीएल 12 से बाहर हुईं एनाबेल सदरलैंड

मेलबर्न स्टार्स को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण डब्ल्यूबीबीएल 12 से बाहर हुईं एनाबेल सदरलैंड

मेलबर्न, 15 नवंबर . ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड ‘हैमस्ट्रिंग टेंडन इंजरी’ (मांसपेशियों की चोट) के कारण विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल 12) के बाकी मैचों से बाहर हो गई हैं. यह मेलबर्न स्टार्स के लिए एक बड़ा झटका है, जो प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली होती उम्मीदों को फिर से जगाने की कोशिश कर रहे हैं.

सदरलैंड का बाहर होना मेलबर्न स्टार्स के लिए एक मुश्किल समय में हुआ है, क्योंकि टीम अपने पिछले पांच मैचों में कोई जीत हासिल नहीं कर पाई है. मेग लेनिंग की कप्तानी वाली इस टीम के लिए टूर्नामेंट के बाकी मैचों में उनकी सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक का न होना एक बड़ा नुकसान है. इससे छह सीजन में दूसरी बार नॉकआउट चरण में पहुंचने की उनकी कोशिशों को एक और झटका लगा है.

ऑस्ट्रेलियाई टीम की फिजियोथेरेपिस्ट केट मूर ने पुष्टि की है कि इस चोट के कारण सदरलैंड को कुछ समय के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहना होगा. इसके साथ ही श्रीलंका के आगामी दौरे पर उनके खेलने को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है. मेलबर्न स्टार्स के एक बयान में मूर ने कहा, “एनाबेल हैमस्ट्रिंग टेंडन की चोट के कारण डब्ल्यूबीबीएल के बाकी मैचों से बाहर हो गई हैं. टूर्नामेंट खेलते हुए यह चोट ठीक नहीं हो सकती, इसलिए उन्हें कुछ समय तक आराम की जरूरत है. दिसंबर में श्रीलंका के ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर उनके खेलने को लेकर अभी पुष्टि होनी बाकी है.”

इस चोट के कारण अगले महीने श्रीलंका में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी सदरलैंड के खेलने पर सवालिया निशान लग गया है. ऑस्ट्रेलियाई टीम को दिसंबर में इस दौरे के लिए रवाना होना है. उनके बाहर होने से मेलबर्न स्टार्स की टीम में एक बड़ी कमी आ गई है. इस सीजन में सदरलैंड टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी रही हैं. उन्होंने 26 की औसत से सात विकेट लिए हैं. वहीं, बल्लेबाजी में उनका स्ट्राइक रेट 146 रहा है, जो जॉर्जिया प्रेस्टविज के बाद टीम में दूसरा सबसे अच्छा स्ट्राइक रेट है.

24 वर्षीय सदरलैंड ने सीजन की शुरुआत में ही मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी मेग लेनिंग को सौंप दी थी, लेकिन बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देकर वह टीम के अभियान में एक अहम भूमिका निभा रही थीं. फ्रेंचाइजी ने Monday को सिडनी थंडर के खिलाफ होने वाले मैच के लिए 13 सदस्यीय टीम में एनाबेल की जगह 19 वर्षीय ऑलराउंडर जो सैमुअल को शामिल किया है. सैमुअल को यह मौका अक्टूबर में हुए टी20 स्प्रिंग चैलेंज में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद मिला है, जहां उन्होंने मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ नाबाद 28 रन बनाए थे और दो विकेट भी लिए थे.

मेलबर्न स्टार्स के जनरल मैनेजर जेम्स रोसेनगार्टन ने Sunday को कहा, “एक बेहतरीन खिलाड़ी का बाहर होना हमेशा निराशाजनक होता है और हम एनाबेल के योगदान को जरूर याद करेंगे. मगर हमेशा की तरह बदलाव से टीम के अन्य सदस्यों के लिए नए मौके बनते हैं और हमें अपनी पूरी टीम पर पूरा भरोसा है.”

–

एसएम/पीएम

Share