एक प्रेम पत्र ने दी कविता, कविता ने दिया साहित्य; मैत्रेयी पुष्पा की कलम से निकली ‘औरत’ ने खुद चुनी अपनी नियति

New Delhi, 29 नवंबर . यह कहानी है, हिंदी की उस कथा लेखिका, उपन्यासकार और आत्मकथाकार की, जिन्हें प्रेम ने कविता दी और कविता ने साहित्य का रास्ता दिखा दिया. फिर उन्होंने बेबाकी से स्त्री-चेतना, ग्रामीण जीवन और बुंदेलखंड के सामाजिक जीवन को पन्नों पर उकेरा. हम बात कर रहे हैं साहित्यकार मैत्रेयी पुष्पा की.
30 नवंबर 1944 को अलीगढ़ जिले के छोटे से गांव सिकुर्रा में जन्मी मैत्रेयी पुष्पा के मन में साहित्य के बीज एक प्रेम पत्र ने बोए थे. एक ऐसा पत्र, जिसमें शब्द नहीं, किसी के धड़कते दिल की आवाज थी. उस पत्र को पढ़ते ही लगा जैसे बरसों से सोई हुई कोई भावना अचानक आंखें खोलकर सामने आ खड़ी हुई हो. उस प्रेम पत्र में एक सुंदर कविता थी और उस कविता में एक सच्चा प्रेम पत्र छिपा था. शब्दों ने जैसे मन के बंद दरवाजों पर दस्तक दी और फिर कभी बंद नहीं हुए.
लगभग 14 साल की उम्र में जब मैत्रेयी पुष्पा 11वीं क्लास की छात्रा थीं, पहला प्रेम पत्र मिला था. एक युवावस्था की ओर बढ़ती उम्र में उस पत्र से कई भाव उमड़े थे और मन में थोड़ा डर भी. थरथराए हाथों से जब मैत्रेयी पुष्पा ने उस प्रेम पत्र को उठाया तो वह कविता के रूप में था, जिसमें प्रेम को सीधे संबोधित करने जैसा भले कुछ नहीं था लेकिन मैत्रेयी पुष्पा के मन में वह गहरी छाप छोड़ गया.
एक इंटरव्यू के दौरान मैत्रेयी पुष्पा ने अपने शब्दों में इस किस्से को इस तरह बताया कि उस प्रेम पत्र में एक सुंदर कविता थी. पत्र पर भले उनका नाम लिखा हुआ था और होली के आसपास का वह समय था, जिसमें अबीर-गुलाल जैसी शब्दावली भी थी. उस पत्र को पढ़कर अच्छा लगा लेकिन कुछ देर बाद ही मुझे लगा कि जब यह लड़का कविता लिख सकता है तो वे खुद क्यों नहीं लिख सकतीं. इसी विचार ने उन्हें एक साहित्यकार के रूप में बड़ी पहचान दिलाई.
मैत्रेयी पुष्पा का जन्म भले अलीगढ़ जिले में हुआ था लेकिन आरंभिक जीवन झांसी जिले के खिल्ली गांव में बीता. जब वे करीब डेढ़ वर्ष की थीं, तभी पिता का साया सिर से उठ चुका था. उन्होंने पिता और माता के रूप में सिर्फ मां को ही देखा. अकेली संतान होने के कारण उनकी मां ने मैत्रेयी पुष्पा को उस दौर में भी पढ़ाया, जब अधिकतर बेटियां घरों के कामकाज तक ही सीमित रहती थीं.
वे जिंदगी में जिन तकलीफों से दो-चार हुईं, अकेलापन देखा और अपनी मां को हर पल जद्दोजहद करते हुए देखा. वे तमाम बातें उनके गहन में नक्श हो गईं. जब लिखने का सलीका आया तो यह तमाम दर्द हर्फ बनकर कागज पर उतरने लगे लेकिन ये कहानियां कम, आप बीती अधिक थीं.
औरत की बात, उसकी आजादी और उसकी अपनी पहचान को लेकर मैत्रेयी पुष्पा ने जब बेबाकी से लिखा, तो समाज से विरोध के स्वर भी उठे क्योंकि उनकी कलम से उपजी औरत घर से निकलकर अपने सपने खुद देखती है और अपनी नियति खुद बनाने की कोशिश करती है.
स्त्री-विमर्श में उनकी लिखी ‘तब्दील निगाहें’, ‘खुली खिड़कियां’, ‘आवाज’, ‘चर्चा हमारा’ कविताएं इस बात को और स्पष्ट कर जाती हैं. मैत्रेयी पुष्पा की प्रमुख साहित्यिक कृतियों में ‘चाक’, ‘स्मृति दंश’, ‘अल्मा कबूतरी’, ‘बेतवा बहती रही’, ‘गुनाह बेगुनाह’ और ‘इदन्नमम’ शामिल हैं. ‘फाइटर की डायरी’, ‘लालमनियां’, ‘चिनार’, ‘गोमा हंसती है’ जैसी यादगार कहानियां भी उनके कहानी-संग्रह में शामिल हैं.
नब्बे के दशक में जिन रचनाकारों ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई, जिन्हें पाठकों ने हाथों-हाथ लिया, उनमें साहित्यकार मैत्रेयी पुष्पा का नाम भी शुमार है. उनकी साहित्यिक रचनाओं के लिए उन्हें बेशुमार पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है.
–
डीसीएच/पीएम


