उत्तराखंड: कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए सैकड़ों कार्यकर्ता, सतपाल महाराज ने किया स्वागत

देहरादून, 16 नवंबर . उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल क्षेत्र में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़े हैं और उन्होंने क्षेत्र के विकास के संकल्प के साथ पार्टी का दामन थामा है. इस दौरान सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी. साथ ही, उन्होंने सर्दियों में चारधाम की शीतकालीन यात्रा शुरू होने की तैयारियों और बर्फबारी के कारण पर्यटकों की बढ़ती दिलचस्पी का भी जिक्र किया.
सतपाल महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल क्षेत्र से काफी संख्या में लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं. इन लोगों ने संकल्प लिया है कि वे क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे. उन्होंने कहा कि चौबट्टाखाल में कई बड़ी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है. इनमें बरसुंडा पेयजल योजना, चौबट्टाखाल पेयजल योजना, एकेश्वर पेयजल योजना और रसिया महादेव पेयजल योजना शामिल हैं. इन योजनाओं में कुछ की लागत 50 करोड़, कुछ की 30 करोड़ और कुछ की 20 करोड़ रुपए है.
उन्होंने बताया कि सतपुली झील बनकर तैयार हो चुकी है. सतपुली का टीआरएस भी तैयार हो गया है, जबकि रसिया महादेव के टीआरएस का लोकार्पण किया जा चुका है. सतपाल महाराज ने कहा कि क्षेत्र में विकास के कई काम पूरे हुए हैं और इससे स्थानीय लोग उत्साहित और प्रेरित हैं. रेल परियोजना का जिक्र करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि रेल का काम भी शुरू हो चुका है. उन्होंने उम्मीद जताई कि फरवरी महीने में रेल का ट्रायल रन होगा और इसके बाद रेल आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि पहाड़ पर रेल पहुंचना उनका सपना रहा है और उन्हें विश्वास है कि यह सपना साकार होगा.
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नियमित चारधाम यात्रा समाप्त होने के बाद अब शीतकालीन यात्रा शुरू होने जा रही है. इसके तहत मां यमुना खरसाली, मां गंगा मुखबा, भगवान केदारनाथ उखीमठ और भगवान बद्री विशाल पांडुकेश्वर पहुंचेंगे. इसके बाद जोशीमठ में भी भगवान की पूजा-अर्चना होगी. उन्होंने कहा कि इस तरह श्रद्धालुओं के लिए शीतकालीन यात्रा का सिलसिला शुरू होगा.
सतपाल महाराज ने आगे कहा कि शीतकालीन यात्रा में काफी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं. पहाड़ों में हुई बर्फबारी से पर्यटकों की रुचि बढ़ी है और लोग बर्फ का अनुभव करना चाहते हैं. उन्होंने दारमा वैली के अपने दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि वहां होम स्टे सक्रिय रूप से संचालित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि गांवों से लोगों का पलायन हुआ है, लेकिन होम स्टे के संचालन के लिए लोग फिर वहां पहुंच रहे हैं.
–
पीएसके


