आगरा में मित्र देशों के 16 जवानों ने पूरा किया पैरा बेसिक कोर्स, मिले ‘पैरा विंग्स’

आगरा, 27 अक्टूबर . भारतीय वायुसेना की ताकत और अंतरराष्ट्रीय सैन्य सहयोग की एक मिसाल आगरा स्थित पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में देखने को मिली. सेंट्रल एयर कमांड (सीएसी) मुख्यालय ने अपने आधिकारिक अकाउंट से इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की जानकारी साझा की है.
सीएसी ने पोस्ट में लिखा, “पंखों से जुड़े, भाईचारे से मजबूत. आगरा स्थित पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई, जहां मित्र देशों के 16 कर्मियों ने सफलतापूर्वक ‘पैरा बेसिक कोर्स’ पूरा किया और अपने प्रतिष्ठित ‘पैरा विंग्स’ प्राप्त किए.”
यह कोर्स सिर्फ हवाई कौशल में महारत हासिल करने तक सीमित नहीं था. इस प्रशिक्षण ने आपसी विश्वास, पेशेवर उत्कृष्टता और गहरे भाईचारे को भी बढ़ावा दिया. इससे India और मित्र देशों के बीच सैन्य सहयोग और अधिक मजबूत हुआ है.
पोस्ट के अंत में लिखा गया, “अलग-अलग देश. साझा आसमान. एक हवाई भाईचारा.”
एक अन्य पोस्ट में बताया गया कि सेंट्रल एयर कमांड ने शत्रुजीत ब्रिगेड की गौरवशाली विरासत का सम्मान किया. शत्रुजीत ब्रिगेड के 85वें स्थापना दिवस के अवसर पर आगरा में पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल ने ‘स्टैटिक लाइन’ और ‘कॉम्बैट फ्री फॉल’ जंप का आयोजन किया.
इस विशेष हवाई प्रदर्शन में ब्रिगेड के सेवारत जवानों और पूर्व सैनिकों (वेटरन्स) ने हिस्सा लिया. आसमान से की गई इस छलांग ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि ब्रिगेड की शानदार विरासत का जश्न भी मनाया.
सीएसी ने लिखा, “यह आयोजन साहस, प्रतिबद्धता और आपसी भाईचारे की उस साझा भावना को दर्शाता है, जो पैराट्रूपर्स की कई पीढ़ियों को आपस में जोड़कर रखती है. विरासत का सम्मान. भावना को कायम रखना. आपसी बंधनों को मजबूत करना.”
आगरा का पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल भारतीय सशस्त्र बलों के पैराट्रूपर्स को प्रशिक्षण देने का प्रमुख केंद्र है. यहां देश ही नहीं, बल्कि विदेशी सेनाओं के जवान भी प्रशिक्षण लेने आते हैं, जो India की सैन्य कूटनीति और वैश्विक विश्वास का प्रतीक है.
–
एससीएच/वीसी


