मुंबई में आधे कमरे के लिए देते थे 55 रुपए किराया, फिर ‘शोले’ और ‘दीवार’ जैसी फिल्मों से बदल दी हिंदी सिनेमा की तस्वीर

Mumbai , 23 नवंबर . ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘जंजीर’, ‘डॉन’ और ‘त्रिशूल’ जैसी फिल्मों के जरिए सलीम खान ने दर्शकों को ऐसे किरदार दिए, जो आज भी याद किए जाते हैं. लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं था. जब वह Actor बनने का सपना लेकर Mumbai पहुंचे तो उन्हें आधे कमरे में रहना पड़ा. इसके लिए वह हर महीने सिर्फ 55 रुपए किराया देते थे. उनकी इच्छा पूरे कमरे में रहने की थी, जिसका किराया 110 रुपए था, लेकिन शुरुआती संघर्ष के दिनों में यह भी उनके लिए बड़ी बात थी.
सलीम खान का जन्म 24 नवंबर 1935 को इंदौर में हुआ. उनका परिवार आर्थिक रूप से ठीक था और उनके पिता Police विभाग में अधिकारी थे. ऐसे में सलीम का बचपन Mumbai में संघर्ष करने वाले कई कलाकारों से अलग था. हालांकि, उनके मन में शुरू से ही कुछ अलग करने की इच्छा थी. उनका पहला सपना क्रिकेटर बनने का था. वह क्रिकेट खेलना पसंद करते थे, लेकिन बाद में उन्हें लगा कि इस खेल में वह उस स्तर तक नहीं पहुंच पाएंगे, जहां तक पहुंचने की उनकी इच्छा थी. इसके बाद उन्होंने पायलट बनने का सपना देखा.
सलीम खान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पास आज भी फ्लाइंग लाइसेंस है और वह 100 घंटे से ज्यादा विमान उड़ा चुके हैं. हालांकि, बाद में उन्हें लगा कि सिविल एविएशन में नियमों के दायरे में रहकर काम करना पड़ता है और वहां अपनी कल्पनाशीलता दिखाने की ज्यादा गुंजाइश नहीं है. इसी दौरान उनकी मुलाकात फिल्मकार के. अमरनाथ से हुई. उन्होंने सलीम को फिल्मों में Actor के रूप में काम करने का मौका दिया. इस तरह उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई.
साल 1960 में आई फिल्म ‘बारात’ में सलीम खान को काम करने का मौका मिला. इसके बाद उन्होंने ‘प्रोफेसर’, ‘तीसरी मंजिल’ और ‘दीवाना’ जैसी फिल्मों में भी छोटे-बड़े किरदार निभाए. हालांकि, अभिनय के क्षेत्र में उन्हें वह पहचान नहीं मिली, जिसकी उन्हें उम्मीद थी. इसी दौरान उन्हें समझ आने लगा कि उनकी असली ताकत पर्दे पर अभिनय करने से ज्यादा कहानियां गढ़ने में है.
Mumbai में शुरुआती दिनों की आर्थिक परेशानियों के बारे में सलीम खान ने डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘एंग्री यंग मेन’ में खुलकर बात की थी. उन्होंने बताया था कि जब वह Mumbai आए तो मरीन ड्राइव के पास मरीना गेस्ट हाउस में रहते थे. वहां आधे कमरे के लिए उन्हें हर महीने 55 रुपए किराया देना पड़ता था. उनकी पहली इच्छा थी कि वह पूरे कमरे में रहें, जिसके लिए 110 रुपए देने होते थे. लेकिन उस समय उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह पूरा कमरा किराए पर ले सकें. इंदौर की आरामदायक जिंदगी छोड़कर Mumbai में अपने दम पर पहचान बनाने की कोशिश कर रहे सलीम के लिए यह दौर काफी चुनौतीपूर्ण था.
पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने सिगरेट और कपड़ों के विज्ञापनों में भी काम किया. वह लगातार फिल्मों में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात जावेद अख्तर से हुई. दोनों की सोच और कहानियों को लेकर समझ एक-दूसरे से मेल खाने लगी. इसके बाद दोनों ने साथ मिलकर पटकथा और संवाद लिखना शुरू किया. हिंदी सिनेमा में उनकी जोड़ी ‘सलीम-जावेद’ के नाम से मशहूर हुई. दोनों ने मिलकर ‘जंजीर’, ‘दीवार’, ‘शोले’, ‘डॉन’, ‘सीता और गीता’, ‘त्रिशूल’, ‘काला पत्थर’ और ‘शक्ति’ जैसी फिल्मों की कहानियां लिखीं.
इन फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि हिंदी सिनेमा में हीरो की पारंपरिक छवि को भी बदल दिया. खासकर ‘जंजीर’ और ‘दीवार’ के जरिए एंग्री यंग मैन की छवि को लोकप्रिय बनाने में सलीम-जावेद की बड़ी भूमिका रही. अमिताभ बच्चन के करियर को नई ऊंचाई देने में भी इनकी लिखी कहानियों का अहम योगदान रहा.
सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी ने लेखकों को भी फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई. उस दौर में जहां फिल्मों के सितारों और निर्देशकों की चर्चा ज्यादा होती थी, वहीं सलीम-जावेद ने लेखकों के नाम को भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया.
–
पीके/एबीएम


