Skip to content
Sunday, 22 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
सिनेमा,मनोरंजन

साजिद खान: 16 की उम्र में डीजे, फराह के साथ बैकग्राउंड डांस से शुरू हुआ सफर, फिर बनाई ‘हाउसफुल’ जैसी फिल्में

साजिद खान: 16 की उम्र में डीजे, फराह के साथ बैकग्राउंड डांस से शुरू हुआ सफर, फिर बनाई ‘हाउसफुल’ जैसी फिल्में

Mumbai , 22 नवंबर . आज साजिद खान को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक निर्देशक, Actor, कॉमेडियन और टीवी होस्ट के तौर पर पहचाना जाता है. उनकी फिल्मों में कॉमेडी और मनोरंजन का खास अंदाज देखने को मिलता है. बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्मों की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने महज 16 साल की उम्र में डीजे के तौर पर काम करना शुरू कर दिया था.

इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी बहन और मशहूर कोरियोग्राफर-फिल्ममेकर फराह खान के साथ एक फिल्म में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर भी काम किया था. टीवी पर लोगों को हंसाने से लेकर बड़े पर्दे पर कॉमेडी फिल्में बनाने तक उनका सफर काफी दिलचस्प रहा है.

साजिद खान का जन्म 23 नवंबर 1970 को Mumbai में हुआ. उनका पूरा नाम साजिद कामरान खान है. वह फिल्ममेकर फराह खान के छोटे भाई हैं. उनके पिता कमरान खान फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए थे और स्टंटमैन के तौर पर काम कर चुके थे. ऐसे में साजिद का बचपन भी फिल्मों और मनोरंजन की दुनिया के बीच बीता. कॉलेज के दिनों में उनकी दिलचस्पी डांस, नाटक और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों में थी.

साजिद के करियर का एक दिलचस्प पहलू यह है कि उन्होंने महज 16 साल की उम्र में डीजे का काम शुरू कर दिया था. वह पार्टियों और सामाजिक कार्यक्रमों में गाने बजाते थे. उस दौर में डीजे का काम आज जितना लोकप्रिय नहीं था, लेकिन साजिद ने कम उम्र में ही इस क्षेत्र में अपनी जगह बनाने की कोशिश शुरू कर दी थी. इसके बाद उन्होंने टीवी की दुनिया का रुख किया और होस्ट के तौर पर अपनी पहचान बनानी शुरू की.

साल 1995 में उन्होंने टीवी शो ‘मैं भी डिटेक्टिव’ को होस्ट किया. इसके बाद ‘इक्के पे इक्का’ और ‘कहने में क्या हर्ज है’ जैसे शोज में नजर आए. इन कार्यक्रमों में उनका मजाकिया अंदाज और बिना झिझक अपनी बात रखने का तरीका दर्शकों को पसंद आया. साल 2005 में उन्होंने ‘सुपर सेल’ शो भी होस्ट किया. टीवी पर काम करते हुए साजिद ने अपनी कॉमिक टाइमिंग को और बेहतर बनाया. यही अंदाज आगे चलकर उनकी फिल्मों में भी देखने को मिला.

साजिद और फराह खान का एक पुराना फिल्मी कनेक्शन भी है. साल 1985 में आई हॉरर फिल्म ‘सामरी’ के गाने ‘बचाले संभाले कोई तो यहां से निकाले’ में दोनों भाई-बहन ने बैकग्राउंड डांसर के तौर पर साथ काम किया था. यह उनके फिल्मी सफर का एक दिलचस्प शुरुआती पड़ाव था. उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि आगे चलकर दोनों अपनी-अपनी पहचान फिल्म इंडस्ट्री में बनाएंगे.

टीवी पर पहचान बनाने के बाद साजिद ने फिल्मों में अभिनय भी किया. वह साल 1998 में आई फिल्म ‘झूठ बोले कौवा काटे’ में नजर आए. इसके बाद 2004 में फराह खान के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मैं हूं ना’ और डेविड धवन की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी उन्होंने छोटे किरदार निभाए. हालांकि, उनकी असली पहचान निर्देशक के तौर पर बनी.

साल 2007 में उन्होंने फिल्म ‘हे बेबी’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा. अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, फरदीन खान और विद्या बालन जैसे कलाकारों से सजी इस कॉमेडी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला. इसके बाद 2010 में आई ‘हाउसफुल’ ने उनके निर्देशन करियर को एक नई पहचान दी. फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, दीपिका पादुकोण, लारा दत्ता और अर्जुन रामपाल नजर आए थे.

साजिद ने इसके बाद ‘हाउसफुल 2’, ‘हिम्मतवाला’ और ‘हमशकल्स’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया. हालांकि, उनकी सभी फिल्मों को एक जैसी सफलता नहीं मिली, लेकिन कॉमेडी फिल्मों के निर्देशक के तौर पर उनका नाम चर्चा में रहा. उन्होंने ‘नच बलिए’ और ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ जैसे रियलिटी शोज में जज की भूमिका भी निभाई. साल 2022 में वह रियलिटी शो ‘बिग बॉस 16’ में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आए.

–

पीके/एबीएम

Share