ईयर इंडर 2026 : ‘बॉर्डर 2’, ‘मर्दानी 3’ से ‘धमाल 4’ तक, इस साल इन सीक्वल का रहा बोलबाला

Mumbai , 23 नवंबर . इस साल यानी 2026 में Bollywood में सीक्वल बनाने का ट्रेंड साफ नजर आया. बड़े पर्दे पर एक तरफ ‘बॉर्डर 2’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ जैसी फिल्मों ने दर्शकों को पहले से बनी अपनी दुनिया में लौटने का मौका दिया, तो दूसरी तरफ ‘मर्दानी 3’, ‘धमाल 4’, ‘कॉकटेल 2’ और ‘आवारापन 2’ जैसी फिल्मों ने पुरानी कहानियों को नए अंदाज में पेश किया. ‘वेलकम टू द जंगल’ ने भी अपनी पुरानी कॉमेडी फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाया.
‘बॉर्डर 2’ :- साल की शुरुआत ‘बॉर्डर 2’ से हुई. 23 जनवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने 1997 में आई सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर’ की यादें ताजा कीं. हालांकि, इसकी कहानी पहली फिल्म से काफी अलग थी. सीक्वल में सनी देओल लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह केलेर के किरदार में नजर आए, जबकि वरुण धवन ने मेजर होशियार सिंह दहिया, दिलजीत दोसांझ ने फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों और अहान शेट्टी ने लेफ्टिनेंट कमांडर महेंद्र सिंह रावत की भूमिका निभाई. फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा भी अहम किरदारों में दिखीं. इसका निर्देशन अनुराग सिंह ने किया.
‘धुरंधर: द रिवेंज’ :- रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने पहली फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाया. फिल्म में रणवीर एक बार फिर हमजा अली मजारी के किरदार में नजर आए. पहली फिल्म में Pakistan के अंडरवर्ल्ड में अपनी जगह बनाने वाले हमजा की असली पहचान जसकीरत सिंह रंगी के रूप में सामने आई थी. दूसरे पार्ट में उसकी पुरानी जिंदगी को दिखाया गया कि वह इस खतरनाक मिशन तक कैसे पहुंचा. फिल्म में आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में हैं.
‘मर्दानी 3’ :- रानी मुखर्जी ने ‘मर्दानी 3’ में एक बार फिर Police अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में वापसी की. इस बार उनके सामने लड़कियों के अपहरण और गुमशुदगी से जुड़ा एक बड़ा मामला था. फिल्म में जानकी बोड़ीवाला और मल्लिका प्रसाद अहम भूमिकाओं में नजर आईं. अभिराज मीनावाला ने इस फिल्म का निर्देशन किया और यह फिल्म 30 जनवरी को रिलीज हुई. इस फ्रेंचाइजी के हर पार्ट में शिवानी का किरदार वही रहता है, लेकिन उसके सामने आने वाले क्राइम के मामले बदल जाते हैं.
‘धमाल 4’ :- इस फिल्म ने एक बार फिर दर्शकों को अजीबो-गरीब सीन्स से लोगों को जमकर हंसाया. इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा जैसे कलाकार नजर आए. कहानी गुड्डू और जॉनी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें एक पुराने खजाने के बारे में पता चलता है. यह खजाना समुद्री डाकू शैतान सिंह से जुड़ा है. खजाने तक पहुंचने की कोशिश में कई लोग उनके पीछे पड़ जाते हैं और फिर शुरू होता है गलतफहमियों, भागदौड़ और मजेदार सीन्स का सिलसिला. फिल्म में ईशा गुप्ता, संजीदा शेख और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में हैं.
‘कॉकटेल 2’ :- साल 2012 में आई ‘कॉकटेल’ ने दोस्ती, प्यार और रिश्तों की उलझन को अलग अंदाज में दिखाया था. 2026 में आई ‘कॉकटेल 2’ ने इसी दुनिया से मिली-जुली एक नई कहानी पेश की. होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं. कहानी कुनाल और दीया की है, जो लंबे समय से साथ रह रहे हैं, लेकिन शादी करने को लेकर उनकी सोच अलग है. इसी बीच उनकी जिंदगी में दीया की पुरानी दोस्त अली (कृति सेनन) की एंट्री होती है. इसके बाद रिश्तों में नए सवाल और उलझनें पैदा होने लगती हैं.
‘आवारापन 2’ :- इमरान हाशमी ने करीब 19 साल बाद ‘आवारापन 2’ में शिवम पंडित के किरदार में वापसी की. 2007 में आई पहली फिल्म के बाद शिवम की जिंदगी में क्या हुआ, सीक्वल इसी कहानी को आगे बढ़ाता है. इस बार शिवम एक बच्ची को बचाने के लिए ऐसे रास्ते पर निकलता है, जहां उसका सामना बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह से होता है. बैंकॉक में बच्चों को बेचने की साजिश का पता चलने के बाद वह इस गिरोह के भीतर तक पहुंचने की कोशिश करता है. फिल्म में इमरान के साथ दिशा पाटनी भी अहम भूमिका में हैं.
‘वेलकम टू द जंगल’ :- इसे ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म के तौर पर पेश किया गया. अहमद खान के निर्देशन में बनी इस एक्शन-कॉमेडी में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, राजपाल यादव और श्रेयस तलपड़े समेत कई कलाकार नजर आए.
–
पीके/एबीएम


