Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

भारत-इंडोनेशिया के विशेष बल जंगल युद्ध व हवाई हमले का करेंगे अभ्यास

भारत इंडोनेशिया के विशेष बल जंगल युद्ध व हवाई हमले का करेंगे अभ्यास

भारत-इंडोनेशिया के विशेष बल जंगल युद्ध व हवाई हमले का करेंगे अभ्यास

New Delhi, 27 अक्टूबर . India और इंडोनेशिया के विशेष बल जंगलों में कठिन परिस्थितियों के बीच युद्ध कौशल, दुश्मन से मुकाबले और हवाई हमले जैसी सैन्य गतिविधियों का संयुक्त अभ्यास कर रहे हैं. दोनों देशों के बीच 11वें संयुक्त विशेष बल अभ्यास ‘गरुड़ शक्ति’ की शुरुआत इंडोनेशिया के बान्युवांगी में हो गई है. यह सैन्य अभ्यास 27 अक्टूबर को प्रारंभ हुआ और 6 नवंबर 2026 तक चलेगा. इस अभ्यास में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) के जवान कर रहे हैं. वहीं दूसरी ओर इंडोनेशिया की ओर से वहां के विशेष बलों के सैनिक हिस्सा ले रहे हैं.

अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के विशेष बलों के बीच आपसी समझ, सहयोग और एक-दूसरे के साथ मिलकर अभियान चलाने की क्षमता को मजबूत करना है. ‘गरुड़ शक्ति’ के दौरान दोनों देशों के सैनिक जंगल जैसे चुनौतीपूर्ण वातावरण में विशेष सैन्य अभियान चलाएंगे. इसके साथ ही अभियान की रणनीतियों और तकनीकों का अभ्यास करेंगे. इसमें बाधाओं को पार करना, युद्ध के दौरान सटीक निशाना लगाना, पर्वतारोहण और हवाई हमले से जुड़ा प्रशिक्षण शामिल है.

इसके साथ साथ सैनिकों की शारीरिक सहन शक्ति, कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता और युद्ध के लिए तैयारी को मजबूत करने वाले विशेष अभ्यास भी किए जाएंगे. संयुक्त प्रशिक्षण के दौरान दोनों देशों के सैनिक अपने हथियारों, सैन्य उपकरणों और अभियान चलाने के तरीकों से जुड़ी जानकारी और अनुभव भी साझा करेंगे. इससे उन्हें एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझने और संयुक्त अभियानों के दौरान बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलेगी. अंतिम चरण में एक विशेष अभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा. इसमें वास्तविक सैन्य अभियानों जैसी परिस्थितियां तैयार की जाएंगी.

इसके जरिए दोनों देशों के सैनिकों की सहनशक्ति, आपसी समन्वय और युद्धक तैयारियों का आकलन किया जाएगा. ‘गरुड़ शक्ति’ India और इंडोनेशिया के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इस अभ्यास से दोनों देशों के विशेष बलों को अपने अनुभव साझा करने, संयुक्त रूप से काम करने की क्षमता बढ़ाने और सैन्य सहयोग को नई मजबूती देने का अवसर मिलेगा.

दरअसल, जंगलों में सैन्य अभियान चलाना विशेष बलों के लिए एक चुनौतीपूर्ण कार्य है. घने पेड़ पौधों, कठिन रास्ते और सीमित दृश्यता के कारण सैनिकों के लिए आगे बढ़ना, स्थिति पर नजर रखना और अभियान के दौरान आपसी संपर्क बनाए रखना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में सही ट्रेनिंग से कठिन परिस्थितियों में बेहतर नतीजे हासिल करने का अवसर मिलता है.

गरुड़ शक्ति अभ्यास India और इंडोनेशिया की सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है. यह इस अभ्यास का 12वां संस्करण है.

–

जीसीबी/डीकेपी

Share