Skip to content
Monday, 23 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
रक्षा,राष्ट्रीय

बदलते युद्धों की नई तकनीकों को परख रहीं हैं भारत-मलेशिया की सेनाएं

बदलते युद्धों की नई तकनीकों को परख रहीं हैं भारत मलेशिया की सेनाएं

बदलते युद्धों की नई तकनीकों को परख रहीं हैं भारत-मलेशिया की सेनाएं

New Delhi, 23 नवंबर . आधुनिक युद्ध के मैदान में अब केवल सैनिकों और हथियारों से ही नहीं, बल्कि बिना पायलट वाले हवाई तंत्रों से भी मुकाबला किया जा रहा है. इसी बदलते युद्ध स्वरूप के बीच India और मलेशिया की सेनाएं अपने सैन्य कौशल और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने में जुटी हैं. दोनों देशों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमाऊ शक्ति 2026’ का सातवां संस्करण 19 से 30 नवंबर तक मलेशिया के इपोह में आयोजित किया जा रहा है.

इस बार अभ्यास में ड्रोन व एंटी ड्रोन यानी बिना चालक वाले हवाई तंत्रों के इस्तेमाल और उनसे निपटने की तकनीकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है. अभ्यास के दौरान भारतीय और मलेशियाई सेना के जवानों ने मानवयुक्त और मानवरहित हवाई तंत्रों के बीच तालमेल, खुफिया सूचनाओं के एकीकरण, भौगोलिक सूचनाओं के उपयोग और उभरती सैन्य तकनीकों पर चर्चा की.

इसके साथ ही इन तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया. इन सत्रों का उद्देश्य युद्ध के मैदान में आसपास की परिस्थितियों की बेहतर जानकारी जुटाना, खुफिया सूचनाएं हासिल करना, सैन्य अभियानों की योजना बनाना और तेजी से सही निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाना है. सेना के मुताबिक दोनों देशों के जवान इस दौरान अपने अनुभव और तकनीकी जानकारी भी साझा कर रहे हैं.

इस अभ्यास के जरिए India और मलेशिया की सेनाएं तेजी से बदलती युद्ध चुनौतियों के अनुरूप अपनी तैयारी को बेहतर बनाने और आधुनिक सैन्य तकनीकों को अपनाने पर ध्यान दे रही हैं. इसके तहत जंगलों और अर्ध-शहरी इलाकों में संयुक्त सैन्य कार्रवाई का अभ्यास किया जाना है. इसमें संयुक्त योजना बनाने, सामरिक तालमेल और नई तकनीकों का इस्तेमाल शामिल है.

अभ्यास के शुरुआती चरण में दोनों देशों के सैनिक एक-दूसरे की सैन्य कार्यप्रणाली और अभियान से जुड़ी प्रक्रियाओं को समझ रहे हैं. इसके बाद संयुक्त सामरिक अभ्यास किए जाएंगे. सैनिक यहां संयुक्त कमान चौकी और निगरानी केंद्र स्थापित करने, आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने, छापेमारी करने, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान और युद्धक इंजीनियरिंग से जुड़ी गतिविधियों का अभ्यास करेंगे.

इस अभ्यास में मानवरहित हवाई प्रणालियों यानी ड्रोन के इस्तेमाल पर खास जोर दिया जा रहा है. दोनों देशों के जवान इनका उपयोग दुश्मन की गतिविधियों की टोह लेने और निगरानी करने के लिए कर रहे हैं. दुश्मन के ड्रोन का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की तकनीकों का अभ्यास किया जा रहा है. अभ्यास के अंतिम चरण में आतंकवाद विरोधी अभियान पर आधारित एक संयुक्त युद्धाभ्यास होगा.

इसमें दोनों देशों के सैनिक मिलकर जमीनी कार्रवाई का अभ्यास करेंगे. निगरानी प्रणालियों के साथ मानवरहित तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए अपनी तैयारियों को भी परखेंगे. इसमें India और मलेशिया की सेनाओं के 120-120 जवान हिस्सा ले रहे हैं.

–

जीसीबी/एसके

Share