Skip to content
Sunday, 15 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

एडिलेड में इंग्लिश बल्लेबाजों का पलटवार, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में बनाया अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

एडिलेड में इंग्लिश बल्लेबाजों का पलटवार, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में बनाया अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

एडिलेड, 15 नवंबर . ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला एडिलेड ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है. पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने टॉम बैंटन की शतकीय पारी की बदौलत 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 355 रन बनाए.

यह इंग्लैंड का वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 ओवर के फॉर्मेट में इंग्लैंड ने अपना सबसे बड़ा स्कोर साल 2018 में बनाया था, जहां टीम ने 6 विकेट गंवाकर 481 रन बनाए थे. टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. बेन डकेट सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, इसके बाद जो रूट और टॉम बैंटन ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी निभाते हुए टीम के स्कोर को 150 रनों के पार पहुंचाया.

रूट 68 गेंदों का सामना करने के बाद 62 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके लगाए. कप्तान हैरी ब्रूक का बल्ला लगातार दूसरे मैच में फ्लॉप रहा और वह 5 रन ही बना सके. हालांकि, जॉर्डन कॉक्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाए. टॉम बैंटन एक छोर को संभालकर खड़े रहे और अपने वनडे करियर का दूसरा शतक पूरा किया. उन्होंने 99 गेंदों में 121 रन बनाए. अपनी इस पारी के दौरान बैंटन ने 12 चौके और 4 छक्के लगाए.

विल जैक्स भी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने जॉर्डन कॉक्स के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 70 गेंदों में 102 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई. जैक्स 40 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं, सैम करन ने 14 और गस एटकिंसन 4 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे. इंग्लैंड की टीम पर्थ में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में सिर्फ 131 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी और टीम को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जेवियर बार्टलेट ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि स्पेंसर जॉनसन और कूपर कोनोली ने एक-एक विकेट चटकाया.

–

एसएम/पीएम

Share