आर्मी डॉग्स के साथ भारत-मलेशिया के जवानों का कॉम्बैट ट्रैकिंग अभ्यास

New Delhi, 25 नवंबर . India और मलेशिया के सैनिकों ने दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने और घरों में छिपे संदिग्धों को पकड़ने की विशेष तकनीकों का अभ्यास किया. यह महत्वपूर्ण अभ्यास संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमाऊ शक्ति 2026’ के दौरान किया गया. India व मलेशिया के जवानों का यह संयुक्त सैन्य अभ्यास मलेशिया के इपोह में किया जा रहा है.
इस दौरान सेना के विशेष दस्तों और प्रशिक्षित आर्मी डॉग्स ने मिलकर अपनी कार्यक्षमता का प्रदर्शन किया. अभ्यास के तहत सैनिकों ने कॉम्बैट ट्रैकिंग और हाउस इंटरवेंशन का प्रदर्शन किया. कॉम्बैट ट्रैकिंग के दौरान सैनिकों ने दुश्मन की गतिविधियों का पता लगाने और उसके आने-जाने के रास्तों को पहचानने का अभ्यास किया. इस विशेष अभ्यास में सेना के प्रशिक्षित आर्मी डॉग्स की मदद से संदिग्ध गतिविधियों के निशान तलाशने पर विशेष जोर दिया गया.
वहीं, हाउस इंटरवेंशन के दौरान सैनिकों ने जटिल परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को काबू करने और उन्हें निहत्था करने का अभ्यास किया. इस प्रदर्शन में संदिग्धों के कब्जे से बंधकों को सुरक्षित छुड़ाने की प्रक्रिया भी शामिल रही. विशेष दस्तों और सैन्य डॉग्स ने आपसी तालमेल के साथ इन गतिविधियों को अंजाम दिया. प्रशिक्षण में गति, सटीकता और अचानक कार्रवाई करने की क्षमता पर खास ध्यान दिया गया. सैनिकों और आर्मी डॉग्स के बीच बेहतर तालमेल के साथ दोनों देशों की सेनाओं के जवानों ने मिलकर काम किया.
इस अभ्यास ने दिखाया कि आधुनिक युद्ध में दुश्मन की गतिविधियों का सटीक पता लगाने, तेजी से कार्रवाई करने और विशेष दस्तों के बीच बेहतर समन्वय का कितना महत्व है. इससे पहले इस संयुक्त सैन्य अभ्यास में इंपरोवाइस एक्स्प्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से निपटने की तकनीकों पर जोर दिया गया. सैनिकों को विस्फोटक आयुध निष्क्रिय करने वाले ईओडी-7बी बम निरोधक सूट के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई.
यह एक विशेष प्रकार का सूट है. इस सूट की मदद से बम निरोधक दस्ते के जवान विस्फोटक उपकरणों को निष्क्रिय करने जैसे जोखिम भरे कार्यों के दौरान अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं. India व मलेशिया के जवानों ने यहां आतंकवाद विरोधी अभियानों में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक उपकरणों से निपटने का अभ्यास किया. अभ्यास के दौरान दोनों सेनाओं के जवानों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों में विस्फोटक खतरों की पहचान और उनसे निपटने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं को समझा.
–
जीसीबी/एएस


