Skip to content
Sunday, 29 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
INDIA

असम के नेशनल पार्क में तीन शिकारी गिरफ्तार, एक अलग अभियान में हाथी दांत जब्त

असम के नेशनल पार्क में तीन शिकारी गिरफ्तार, एक अलग अभियान में हाथी दांत जब्त

गुवाहाटी, 29 नवंबर . वन अधिकारियों ने Sunday को बताया कि वन्यजीव अपराध के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी सफलता हासिल की गई है. इस क्रम में असम के कोकराझार जिले में स्थित सिखना ज्वलाओ नेशनल पार्क में एक अभियान के दौरान तीन संदिग्ध शिकारियों को पकड़ा गया. उनके पास से स्थानीय स्तर पर बनी एक बंदूक भी बरामद हुई है.

बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) की अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभाग प्रमुख (सीएचडी) सोनाली घोष ने बताया कि नेशनल पार्क के अंदर संदिग्ध शिकार गतिविधियों के बारे में मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया था. इस अभियान को उल्टापानी वन रेंज के रेंजर मिंटू बोरो और ‘एवरग्रीन चैरिटेबल ट्रस्ट’ के कर्मचारियों ने मिलकर अंजाम दिया.

सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने तीन लोगों को पकड़ लिया और उनके पास से स्थानीय स्तर पर बनी एक बंदूक बरामद की.

पकड़े गए आरोपियों की पहचान थानेश्वर बसुमतारी (34), असिन नर्जरी (35) और बनजाई बसुमतारी (33) के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि ये शिकारी लंबे समय से नेशनल पार्क के अंदर अलग-अलग वन्यजीव प्रजातियों का शिकार कर रहे थे, जिससे वहां की समृद्ध जैव-विविधता और वन्यजीव आबादी के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया था.

भारतीय वन सेवा (आईएफएस) की वरिष्ठ अधिकारी घोष ने कहा कि इस सफल अभियान ने वन्यजीव संरक्षण में खुफिया जानकारी पर आधारित गश्त, प्रभावी निगरानी और सामुदायिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया है.

उन्होंने राष्ट्रीय उद्यान के वन्यजीवों और प्राकृतिक धरोहर की सुरक्षा में योगदान देने के लिए रेंजर मिंटू बोरो और ‘एवरग्रीन चैरिटेबल ट्रस्ट’ के कार्यकर्ताओं के प्रयासों की भी सराहना की.

असम के बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) के कोकराझार और चिरांग जिलों में 316.29 वर्ग किलोमीटर में फैला ‘सिखना ज्वलाओ राष्ट्रीय उद्यान’ भारत-भूटान सीमा पर स्थित है.

2025 में असम के आठवें राष्ट्रीय उद्यान के रूप में अधिसूचित यह उद्यान रायमोना और मानस राष्ट्रीय उद्यानों को जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण पारिस्थितिक गलियारे के रूप में कार्य करता है.

अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में मानस टाइगर रिजर्व की एक टीम ने असम के उदलगुरी जिले के तंगला में हाथीदाँत के एक संदिग्ध व्यापारी को पकड़ा और उसके पास से हाथी के दो दांत जब्त किए.

खुफिया जानकारी के आधार पर, मानस टाइगर रिजर्व की एक टीम पिछले तीन दिनों से आरोपी ईश्वर बोरो की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. वह उदलगुरी जिले के बामुनजुली इलाके के नुनोई खास का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि वह हाथी के दाँत बेचने की कोशिश कर रहा था.

Sunday को मानस राष्ट्रीय उद्यान, धनसिरी वन प्रभाग और असम वन सुरक्षा बल (एएफपीएफ) की संयुक्त टीम ने तंगला में बोरो को हाथी के दो दांतों के साथ पकड़ लिया.

यह अभियान नुनोई रेंज के स्थानीय वन कर्मचारियों के सहयोग से चलाया गया.

जब्त किए गए हाथी दांत के स्रोत का पता लगाने, इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और हाथी दांत के अवैध व्यापार से जुड़े व्यापक नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे की जांच चल रही है.

मानस टाइगर रिजर्व ने वन्यजीव अपराधों से निपटने और इस क्षेत्र की अमूल्य वन्यजीव विरासत की रक्षा करने के अपने संकल्प को दोहराया.

–

एमएस/

Share