
टिहरी गढ़वाल, 23 अप्रैल . उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक यूटिलिटी पिकअप वाहन (मैक्स) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया. हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए.
वाहन में कुल 10 लोग सवार थे. हादसा तब हुआ जब वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था. सभी यात्री घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे. वे हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे. रास्ते में नैल के निकट वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है. दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल बौराड़ी भेज दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. दोनों घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
घायलों की पहचान उत्तम कुमार (उम्र 30 वर्ष), पुत्र पुस्सू, निवासी ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़ और अंकित (उम्र 22 वर्ष), पुत्र आशा लाल, निवासी ग्राम नेलचामी, घनसाली के रूप में हुई है. दोनों घायलों को खाई से निकालकर तत्काल जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
हादसे की सूचना मिलते ही Police, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया गया. जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं. वरिष्ठ Police अधीक्षक श्वेता चौबे और घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया.
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. एसडीआरएफ, Police और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं. खाई में गिरे वाहन को निकालने और शवों को बाहर लाने का काम जारी है.
पहाड़ी इलाकों में खराब मौसम, संकरी सड़कें और तेज रफ्तार अक्सर ऐसी दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं. इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सतर्क ड्राइविंग, वाहन की स्थिति जांच और यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत पर जोर दिया है.
टिहरी जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है.
–
एससीएच