Skip to content
Monday, 23 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

हम चाहते हैं कि क्रिकेट अखबार के पिछले पन्नों पर रहे, न कि पहले पन्नों पर : सैंडपेपर विवाद पर एमसीसी

हम चाहते हैं कि क्रिकेट अखबार के पिछले पन्नों पर रहे, न कि पहले पन्नों पर : सैंडपेपर विवाद पर एमसीसी

शारजाह, 22 नवंबर . मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने उम्मीद जताई है कि ऑस्ट्रेलिया के 2018 बॉल-टैम्परिंग मामले से जुड़ा नया विवाद क्रिकेट की छवि को नुकसान नहीं पहुंचाएगा. उन्होंने कहा कि लोगों की चर्चा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और मैचों पर होनी चाहिए, न कि विवादों पर. स्टीवर्ट का मानना है कि क्रिकेट को अच्छी वजहों से सुर्खियों में रहना चाहिए और खेल की खबरें अखबारों के खेल पन्नों तक सीमित रहें, न कि विवादों के कारण मुख्य खबर बनें.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के आठ साल बाद यह विवाद फिर से चर्चा में आ गया है. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘सब्र’ में नए आरोप लगाए हैं कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को गेंद पर सैंडपेपर (रेगमाल) इस्तेमाल करने की योजना के बारे में पता था. पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर ने भी ख्वाजा की बात का समर्थन किया है.

यह बहस तब और तेज हो गई जब ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने लगभग 70 मिनट तक मीडिया के सवालों का सामना किया. उन्होंने अपनी बात पर कायम रहते हुए कहा कि उन्हें इस योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. इस कांड में सजा पाने वाले तीन खिलाड़ियों में से एक, कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी ‘द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ अखबार के लिए एक सनसनीखेज लेख लिखा, जिसमें उन्होंने ख्वाजा के दावों का समर्थन किया.

इस नए विवाद के बारे में पूछे जाने पर, स्टीवर्ट ने कहा कि गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल क्रिकेट के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है, लेकिन उन्होंने इस बात पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि किसे क्या पता था.

आईएलटी20 के दौरान मीडिया से बातचीत में स्टीवर्ट ने कहा, “जहां तक ​​नियमों की बात है, गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करना नियमों का साफ उल्लंघन है. मुझे नहीं लगता कि इस पर किसी को कोई शक है. अब क्या हुआ, किसे क्या पता था और आठ साल तक इंतजार करके अब नए आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं? इन बातों पर एमसीसी कोई टिप्पणी नहीं करेगा. हम चाहते हैं कि क्रिकेट की चर्चा अखबारों के पहले पन्नों के बजाय आखिरी पन्नों पर हो लेकिन यह तय करना मेरा काम नहीं है कि किसके दावे सही हैं और किसके गलत. कानूनी नजरिए से देखें तो गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करना साफ तौर पर गैर-कानूनी है और इसके लिए सजा मिलना सही भी है, लेकिन इसके आगे की बात या मैदान के बाहर क्या हुआ, इस पर एमसीसी का कुछ कहना ठीक नहीं होगा.”

स्टुअर्ट ने फिर दोहराया कि हालिया दावों की जांच करने की जिम्मेदारी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की है. उन्होंने बताया कि इस मामले से जुड़े लोगों के बीच काफी पक्के और एक-दूसरे से अलग विचार हैं. उन्होंने कहा, “इसकी जांच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को करनी है. दोनों पक्षों के अपने-अपने पक्के विचार हैं. मुझे सच नहीं पता, इसलिए जांच करना क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और बाकी लोगों का काम है.”

–

आरएसजी/वीसी

Share