Skip to content
Monday, 23 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

टेस्ट क्रिकेट में ‘फ्री-हिट’ को लेकर एमसीसी के संकेत, नियम में बदलाव पर हो सकता है विचार

टेस्ट क्रिकेट में ‘फ्री हिट’ को लेकर एमसीसी के संकेत, नियम में बदलाव पर हो सकता है विचार

टेस्ट क्रिकेट में ‘फ्री-हिट’ को लेकर एमसीसी के संकेत, नियम में बदलाव पर हो सकता है विचार

शारजाह, 22 नवंबर . मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) भविष्य में टेस्ट क्रिकेट में ‘फ्री हिट’ नियम लागू करने पर विचार कर सकता है. एमसीसी के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने पुष्टि की है कि इस विचार पर चर्चा हुई है, हालांकि अभी इसे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में लागू नहीं किया गया है.

‘फ्री हिट’ अभी सीमित ओवरों वाले क्रिकेट का हिस्सा है. इसमें जब गेंदबाज ‘नो-बॉल’ फेंकता है, तो बल्लेबाज को अगली गेंद पर आउट होने का डर नहीं रहता (कुछ खास तरीकों को छोड़कर). हालांकि, फिलहाल टेस्ट मुकाबलों के लिए बने क्रिकेट के नियमों में ‘फ्री हिट’ का प्रावधान नहीं है.

शारजाह में ‘इंटरनेशनल लीग टी20’ (आईएलटी20) के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए, स्टीवर्ट ने कहा कि क्रिकेट के नियमों की देखरेख करने वाली संस्था एमसीसी ने इस संभावना पर चर्चा तो की है, लेकिन अभी वह क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में ‘फ्री हिट’ लागू करने के लिए तैयार नहीं है.

स्टीवर्ट ने कहा, “फिलहाल क्रिकेट के नियमों में ‘फ्री हिट’ शामिल नहीं है. यह एक ऐसी चीज है जिस पर हम विचार करेंगे. अभी यह केवल खेल संबंधी नियमों के रूप में मौजूद है. हमने इस पर चर्चा की है, लेकिन अभी हमने इसे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में लागू नहीं किया है. हालांकि, क्या पता, शायद आगे चलकर हम वहां तक ​​पहुंच जाएं.”

स्टीवर्ट ने क्रिकेट में हाल ही में हुए एक और बदलाव के पीछे की सोच के बारे में भी बताया. इस नियम के अनुसार, अगर कोई बल्लेबाज कैच आउट हो जाता है, तो अगली गेंद खेलने के लिए नए बल्लेबाज को ही आना होगा. भले ही कैच पूरा होने से पहले दोनों बल्लेबाजों ने आपस में अपनी जगह (क्रॉस) बदल ली हो.

एमसीसी अधिकारी ने बताया कि वह खुद काफी समय से इस बदलाव को लागू करना चाहते थे, लेकिन इस विचार को तब और बल मिला, जब ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट के आयोजकों ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले, खेल के नियमों में कुछ नए बदलावों के सुझावों के साथ एमसीसी से संपर्क किया.

स्टीवर्ट ने कहा, “यह एक ऐसा बदलाव था जिसे लेकर मैं बहुत उत्सुक था. मैं इसे एक नियम के रूप में लागू करने की कोशिश कर रहा था, क्योंकि पहले ऐसा नहीं होता था कि कैच पकड़े जाने के दौरान बल्लेबाजों के क्रॉस करने पर भी नया बल्लेबाज ही अगली गेंद खेले.”

उन्होंने याद करते हुए बताया कि जब 2020 के आसपास ‘द हंड्रेड’ के पहले सीजन की तैयारी चल रही थी, तब आयोजकों ने एमसीसी से संपर्क किया था. वे टूर्नामेंट को कुछ अलग और नया बनाने के लिए इसमें कुछ अनोखे बदलाव करना चाहते थे. उन्होंने कहा, “हमने उनके साथ इस नियम पर चर्चा की और उनके एक साथी की भी इस पर ऐसी ही राय थी. इसलिए, हमने इसे ‘द हंड्रेड’ के पहले साल में खेल की एक शर्त के तौर पर लागू किया.”

–

आरएसजी

Share