Skip to content
Saturday, 21 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
बॉलीवुड,सिनेमा,मनोरंजन

स्कूल में माधुरी दीक्षित को पड़ी थी बेंत से मार, गणित की क्लास के नाम से भी लगता था डर

स्कूल में माधुरी दीक्षित को पड़ी थी बेंत से मार, गणित की क्लास के नाम से भी लगता था डर

Mumbai , 20 नवंबर . Bollywood Actress माधुरी दीक्षित अपनी शानदार अदाकारी और डांस के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं, लेकिन स्कूल के दिनों में वह भी आम बच्चों की तरह शरारतें किया करती थीं. हाल ही में एक क्विज शो के दौरान माधुरी ने अपने स्कूल से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया.

उन्होंने बताया कि एक बार क्लास में खूब हंगामा करने पर टीचर ने उन्हें और उनके साथियों को बेंत से मारा था. Actress ने उस घटना को याद करते हुए बताया कि बेंत की पहली मार पड़ने के बाद कुछ सेकंड तक दर्द का एहसास नहीं होता, लेकिन फिर तेज दर्द शुरू होता है.

माधुरी के स्कूल के दिनों से जुड़ा यह किस्सा तब सामने आया, जब शो में पुणे की कंटेस्टेंट अमृता डाले ने उनसे उनकी पढ़ाई और बचपन के बारे में सवाल पूछने शुरू किए. अमृता ने Actress से पूछा कि क्या कभी स्कूल में किसी टीचर ने उन्हें सजा दी थी? इस पर माधुरी ने हंसते हुए बताया कि उनके साथ ऐसा एक बार हुआ था.

माधुरी ने घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा, ”हां, एक बार ऐसा हुआ था. हमने स्कूल में इतना हंगामा किया कि टीचर गुस्सा हो गईं. वह बेंत लेकर क्लास में आईं और हम सभी को एक-एक बार मारा. जब पहली बार बेंत पड़ती है, तो करीब दो सेकंड तक कुछ महसूस नहीं होता. वह जगह सुन्न हो जाती है और फिर कुछ सेकंड बाद दर्द शुरू होता है.”

इस दौरान माधुरी ने बेंत पड़ने की आवाज की नकल करके भी दिखाई, जिससे वहां मौजूद लोग हंसने लगे.

बातचीत के दौरान माधुरी ने गणित को लेकर भी अपने स्कूल के दिनों की यादें साझा कीं. अमृता ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें स्कूल में गणित पसंद था? इस पर माधुरी ने कहा, ”नहीं, मुझे मैथ्स कभी पसंद नहीं था. हमारी टीचर बहुत सख्त थीं. पता नहीं उनकी क्लास में आने का तरीका ऐसा था या कुछ और, लेकिन हम उनसे बहुत डरते थे. गणित की क्लास का नाम सुनते ही डर लगने लगता था. लगता था कि हे भगवान! अब गणित की क्लास होने वाली है.”

बता दें कि माधुरी दीक्षित ने Mumbai के अंधेरी इलाके में अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने माइक्रोबायोलॉजी में उच्च शिक्षा हासिल की. माधुरी को बचपन से ही डांस का शौक था. उन्होंने कम उम्र में कथक सीखना शुरू कर दिया था और कई सालों तक इस शास्त्रीय नृत्य की ट्रेनिंग ली.

–

पीके/एएस

Share