Skip to content
Tuesday, 27 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
अपराध,राष्ट्रीय

मोगा में दिनदहाड़े फायरिंग; गोली लगने से चार युवक घायल, तीन की हालत गंभीर

मोगा में दिनदहाड़े फायरिंग; गोली लगने से चार युवक घायल, तीन की हालत गंभीर

मोगा, 26 अक्टूबर . पंजाब के मोगा स्थित अंगदपुरा मोहल्ले में दुकान के बाहर बैठे पांच युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो से आए कुछ लोगों ने गोलीबारी कर दी. इस घटना में चार युवक गोली लगने से घायल हो गए जबकि एक अन्य युवक को गोली के छर्रे लगने की जानकारी सामने आई है. घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके पर पहुंचे और युवकों पर फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी में एक युवक के सिर, दो युवकों के पेट और एक युवक की बांह में गोली लगी है. अचानक हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

प्रारंभिक तौर पर इस वारदात के पीछे दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते दूसरे गुट ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया हो सकता है.

घटना की सूचना मिलते ही Police के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. Police घटनास्थल के आसपास लगे cctv कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.

मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि अंगदपुरा मोहल्ले में फायरिंग की सूचना मिलते ही Police टीम मौके पर पहुंच गई थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया. घटना में घायल हुए युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

एसएसपी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों के नाम भी Police को बताए गए हैं. Police संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है. बयानों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मोगा में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना बेहद भयावह है. गैंगस्टरों की अंधाधुंध फायरिंग से अंगदपुरा एक युद्धक्षेत्र में तब्दील हो गया है. इसमें कई बेगुनाह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहे हैं. गुरु-द्रोही भगवंत मान, क्या यही तुम्हारा ‘रंगला पंजाब’ है? तुमने राज्य में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है. अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं जबकि Police और प्रशासन लाचार तमाशबीन बनकर रह गए हैं. पंजाब लहूलुहान है.”

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मोगा में हुई गोलीबारी के बारे में जानकर मैं बेहद हैरान हूं. पंजाब के मौजूदा दुखद हालात सिर्फ कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं हैं बल्कि यह शासन, जन-सुरक्षा और जवाबदेही के गहरे होते संकट को दर्शाते हैं, जिस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है.”

–

एसएके/पीएम

Share