Skip to content
Friday, 23 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
सिनेमा,मनोरंजन

दलेर मेहंदी के साथ हुए बर्ताव पर भड़के राजपाल यादव, बोले-‘कला को खरीदा नहीं जा सकता’

दलेर मेहंदी के साथ हुए बर्ताव पर भड़के राजपाल यादव, बोले ‘कला को खरीदा नहीं जा सकता’

दलेर मेहंदी के साथ हुए बर्ताव पर भड़के राजपाल यादव, बोले-‘कला को खरीदा नहीं जा सकता’

Mumbai , 21 अक्टूबर . उत्तराखंड के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर हुए विवाद के बीच एक्टर राजपाल यादव ने सिंगर के साथ सार्वजनिक मंच पर किए गए बर्ताव को गलत बताया और राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के व्यवहार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जिस कलाकार की आवाज ने दशकों तक देश और दुनिया के लोगों का मनोरंजन किया है, उसके साथ हजारों लोगों के सामने इस तरह का व्यवहार करना ठीक नहीं है.

राजपाल ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो मैसेज के जरिए अपनी बात रखी, जिसमें उन्होंने मंत्री के सामने दलेर मेहंदी के अपमान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कला को खरीदा नहीं जा सकता क्योंकि कला एक जिंदगी है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए.

राजपाल यादव ने वीडियो में कहा, ”नमस्कार दोस्तों, मैं आपका राजपाल हूं. एक कला के विद्यार्थी के तौर पर मैं आपसे कुछ कहना चाहता हूं. जिस तरह एक सम्मानित मंत्री ने हजारों लोगों के सामने ऐसे दिग्गज सिंगर को अपमानित किया, जिसकी आवाज ने दशकों तक देश और दुनिया की सेवा की है, वह स्वीकार करने लायक नहीं है.”

उन्होंने आगे कहा, ”जिस तरह एक सम्मानित मंत्री ने हजारों लोगों के सामने एक दिग्गज सिंगर के लिए इतने खराब शब्दों का इस्तेमाल किया, वह हैरान करने वाला था. माननीय मंत्री जी, यह आपको शोभा नहीं देता.”

राजपाल ने कहा कि इस घटना से ऐसा लगा, जैसे कला को खरीदा जा सकता है. उन्होंने इस सोच पर सवाल उठाते हुए कहा, ”ऐसा लगा जैसे आपने कला को खरीद लिया हो. कला कभी खरीदी नहीं जा सकती. कला एक जिंदगी है. जिंदगी का सम्मान कीजिए.”

राजपाल यादव ने दलेर मेहंदी के शराब पीने के आरोप को भी खारिज किया. उन्होंने कहा कि सिंगर शराब नहीं पीते हैं और उनकी सेहत भी ठीक नहीं चल रही है. राजपाल ने बताया कि वह फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में दलेर मेहंदी के साथ काम कर चुके हैं.

उन्होंने कहा, ”आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं. मैंने भी उनके साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ में काम किया है. उनकी सेहत बिगड़ रही है और हर कोई उन्हें जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश कर रहा है. कला आती-जाती रहती है लेकिन कला का स्थान हमेशा बना रहता है. कला के इस स्थान का सम्मान कीजिए. भगवान आपका भला करे.”

बता दें कि दलेर मेहंदी को लेकर यह विवाद Sunday को उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ. दलेर मेहंदी स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे, तभी उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे. उन्होंने सिंगर की परफॉर्मेंस पर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि वह शराब के नशे में हैं और ठीक से गा नहीं पा रहे हैं. मंत्री ने सिंगर को कथित तौर पर दी गई फीस को लेकर भी सवाल उठाए.

इस घटना के बाद कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए. उनके भाई मीका सिंह, एक्टर अनुपम खेर और कॉमेडियन कपिल शर्मा समेत कई हस्तियों ने सिंगर के प्रति समर्थन जताया.

–

पीके/पीएम

Share