दक्षिण कोरिया में इंटरनेट पोस्ट ऑफिस हैक, 1.13 लाख ग्राहकों का पर्सनल डेटा लीक

सोल, 28 नवंबर . दक्षिण कोरिया में इंटरनेट पोस्ट ऑफिस पर हुए हैकिंग हमले में कम से कम 1,13,855 ग्राहकों की निजी जानकारी लीक हो गई है. डाक सेवा ने Saturday को यह जानकारी दी. अभी इस सेंध की पूरी सीमा की जांच की जा रही है.
विज्ञान और आईसीटी मंत्रालय के तहत काम करने वाले कोरिया पोस्ट ने कहा है कि हैकर्स ने ग्राहकों की निजी जानकारी वाले मेलिंग रिकॉर्ड तक पहुंच बना ली थी. पूरी घटना की जांच की जा रही है. योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, कोरिया पोस्ट इस बात की पुष्टि कर रहा है कि कितने लोगों का डेटा लीक हुआ है.
हैकर्स ने मोबाइल इंटरनेट पोस्ट ऑफिस की डिलीवरी लोकेशन बदलने वाली सर्विस का इस्तेमाल किया और 17 नवंबर से 24 नवंबर के बीच डिलीवर हो रहे रजिस्टर्ड मेल के प्राप्तकर्ताओं के नाम, पते और फोन नंबर देख लिए.
सिर्फ एक दिन के डेटा के विश्लेषण से ही पता चला कि 1,13,855 लोगों की जानकारी लीक हुई है. कोरिया पोस्ट को Wednesday को इस सेंध के संकेत मिले थे, जिसके बाद उन्होंने Police जांच का अनुरोध किया था.
कोरिया पोस्ट ने डिलीवरी-लोकेशन बदलने वाली सुविधा सहित कुछ सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और विदेशी आईपी पतों से अपनी मोबाइल वेबसाइट तक पहुंच को ब्लॉक कर दिया है.
कोरिया पोस्ट के प्रमुख पार्क इन-ह्वान ने कहा, “हम जनता और डाक सेवा के ग्राहकों के बीच चिंता पैदा करने के लिए माफी मांगते हैं. हम घटना के कारण की गहन जांच करेंगे और दोबारा ऐसी घटना को रोकने और जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे.”
यह घटना हाल के हफ्तों में वित्तीय संस्थानों और सार्वजनिक एजेंसियों में हुए डेटा उल्लंघनों की श्रृंखला के बीच आई है. इसमें राज्य द्वारा संचालित कोरिया इलेक्ट्रिक पावर कॉर्प में हुआ बड़ा लीक भी शामिल है, जिसमें करीब 15.2 लाख लोगों की निजी जानकारी शामिल थी.
इस बीच, क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बिथंब में हाल ही में हुए साइबर हमले में शुरू में बताई गई जानकारी से ज्यादा निजी जानकारी लीक हुई है. बिथंब ने पिछले महीने के अंत में करीब 7,100 ग्राहकों और कर्मचारियों को प्रभावित करने वाले डेटा उल्लंघन की सूचना दी थी लेकिन एक्सचेंज ने कहा है कि और अधिक निजी जानकारी लीक हुई है.
लीक हुई निजी जानकारी में नाम, फोन नंबर, पासपोर्ट नंबर और अकाउंट नंबर शामिल हैं. मिरे एसेट सिक्योरिटीज और दैशिन सिक्योरिटीज जैसी वित्तीय कंपनियों को भी कई साइबर हमलों का सामना करना पड़ा है.
–
वीकेयू/पीएम


