
New Delhi, 11 सितंबर . दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष पद का उम्मीदवार यश डबास को बनाया है. इशू मौर्य को उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है. सचिव पद पर विद्यार्थी परिषद की तरफ से रिया छाबड़ी चुनाव मैदान में हैं. वहीं संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह चुनाव लड़ेंगे. छात्र संगठन ने Friday को इन उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा की है.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव (डूसू) के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा Friday को की, लेकिन नामांकन प्रक्रिया इससे एक दिन पहले ही पूरी कर ली गई थी. इस वर्ष अभाविप की ओर से आलोक अत्री, इशू मौर्य, लक्ष्य राज सिंह, नितिन तंवर, रिया छावड़ी, तान्या मावी व यश डबास ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे.
विद्यार्थी परिषद का कहना है कि नामांकन पत्रों की जांच के पश्चात इन संभावित प्रत्याशियों में से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं संयुक्त सचिव पदों के लिए अंतिम प्रत्याशियों का चयन किया गया है. चुनाव तैयारियों के मद्देनजर अभाविप द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के बीच पीजी-टू-पीजी और क्लास-टू-क्लास अभियान चलाया जा रहा है. इसके माध्यम से विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझा जा रहा है.
विद्यार्थी परिषद का कहना है कि सत्य निकेतन की घटना के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षित आवास व्यवस्था के मुद्दे को उन्होंने प्रमुखता से उठाया है. पीजी सर्वेक्षण के माध्यम से आवासीय क्षेत्रों की समस्याओं एवं सुरक्षा मानकों की जानकारी जुटाई जा रही है. छात्र संगठन की मांग है कि विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त, सुरक्षित एवं सुलभ छात्रावास उपलब्ध कराए जाएं. साथ ही नए छात्रावासों का निर्माण तेज किया जाए व पीजी और किराये के भवनों में सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन हो.
अभाविप का कहना है कि चुनाव प्रचार को व्यापक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए कार्यकर्ता प्रत्येक कॉलेज, पीजी एवं कक्षा में विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं. विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों और उनकी अपेक्षाओं को आधार बनाकर आगामी दिनों में अभाविप का घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का यह भी कहना है कि डूसू चुनाव को लेकर अभाविप के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ विद्यार्थियों के बीच हैं. उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब यह संवाद अभियान और व्यापक होगा.
छात्र संगठन का कहना है कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के इस चुनाव में भी वे विद्यार्थियों की आवाज को केंद्र में रखते हुए आगे बढ़ रहे हैं. विद्यार्थियों से मिल रहे सुझावों को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया. विद्यार्थी परिषद के मुताबिक इन्हीं के आधार पर उनकी आगामी प्राथमिकताएं तय होंगी.
–
जीसीबी/एसके