Skip to content
Thursday, 12 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
मनोरंजन,राष्ट्रीय

डीवीएस राजू : फिल्म निर्माता से लेकर एनएफडीसी अध्यक्ष तक, सिनेमा को दी नई दिशा

डीवीएस राजू : फिल्म निर्माता से लेकर एनएफडीसी अध्यक्ष तक, सिनेमा को दी नई दिशा

New Delhi, 12 नवंबर . भारतीय सिनेमा के विकास में कई ऐसी हस्तियों का योगदान रहा है, जिन्होंने अपने काम और दूरदर्शिता से फिल्म उद्योग को नई दिशा दी. इन्हीं में एक प्रमुख नाम प्रख्यात फिल्म निर्माता डीवीएस राजू का है. उन्हें तेलुगु सिनेमा के विकास और विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए हमेशा याद किया जाता है. वह न केवल एक सफल फिल्म निर्माता थे बल्कि भारतीय फिल्म उद्योग के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर उन्होंने सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

प्रख्यात फिल्म निर्माता डीवीएस राजू का जन्म आंध्र प्रदेश में हुआ था. उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत ऐसे दौर में की, जब तेलुगु फिल्म उद्योग का प्रमुख केंद्र मद्रास (अब चेन्नई) हुआ करता था. उन्हें तेलुगु फिल्म उद्योग को मद्रास से हैदराबाद स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है. उनके प्रयासों से हैदराबाद तेलुगु सिनेमा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हुआ.

अपने लंबे फिल्मी करियर में डीवीएस राजू ने लगभग 25 फिल्मों का निर्माण किया. उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘मां बाबू’ (1960), ‘मंगम्मा सपथम’ (1965), ‘पिडुगु रामुडु’ (1966), ‘टिक्का शंकरय्या’ (1968), ‘गंडिकोटा रहस्यम’ (1969) और ‘जीवन ज्योति’ (1975) शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने हिंदी फिल्म ‘मुझे इंसाफ चाहिए’ (1983) का भी निर्माण किया. उनकी फिल्मों ने दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल की और उन्हें एक सफल निर्माता के रूप में पहचान दिलाई.

डीवीएस राजू ने फिल्म निर्माण के साथ-साथ भारतीय सिनेमा के प्रशासनिक और संगठनात्मक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया. वर्ष 1966 में उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के मानद सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाली. इसके अलावा वह 15वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की जूरी के सदस्य भी रहे. वर्ष 1979 से 1980 तक उन्होंने फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया.

राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के अध्यक्ष के रूप में उनका योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा. उनके नेतृत्व में एनएफडीसी ने ऑस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म ‘गांधी’ (1982) के सह-वित्तपोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके अलावा उन्होंने आंध्र प्रदेश राज्य फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं.

भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया. वर्ष 1988 में उन्हें रघुपति वेंकैया पुरस्कार प्रदान किया गया जबकि वर्ष 2001 में India Government ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया. यह सम्मान भारतीय सिनेमा के प्रति उनके समर्पण और योगदान का प्रमाण है.

डीवीएस राजू का पारिवारिक जीवन भी सुखमय रहा. उन्होंने वर्ष 1948 में अनसूया देवी से विवाह किया था. उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे थे. उनके परिवार का फिल्म जगत से जुड़ाव भी आगे जारी रहा. उनके दामाद केएलएन राजू ने वर्ष 2018 में फिल्म ‘अनगनागा ओ प्रेमकथा’ के निर्माता के रूप में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा.

13 नवंबर 2010 को हैदराबाद में संक्षिप्त बीमारी के बाद 81 वर्ष की आयु में डीवीएस राजू का निधन हो गया. उनके निधन से भारतीय फिल्म जगत ने एक अनुभवी निर्माता और कुशल फिल्म प्रशासक को खो दिया. हालांकि, उनका योगदान आज भी भारतीय सिनेमा के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है. तेलुगु फिल्म उद्योग को नई पहचान दिलाने और भारतीय सिनेमा के विकास में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रहेगी.

–

एसएके/पीएम

Share