Skip to content
Friday, 13 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
बैडमिंटन,खेल

किदांबी श्रीकांत ने कटाया क्वार्टर फाइनल का टिकट, लक्ष्य सेन ने भी दर्ज की एकतरफा जीत

किदांबी श्रीकांत ने कटाया क्वार्टर फाइनल का टिकट, लक्ष्य सेन ने भी दर्ज की एकतरफा जीत

कुमामोटो, 12 नवंबर . पूर्व वर्ल्ड नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने कुमामोटो प्रीफेक्चुरल जिम्नेजियम में चल रहे बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 500 टूर्नामेंट, ‘जापान मास्टर्स’ के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. उन्होंने एक रोमांचक मुकाबले में वर्ल्ड नंबर 8 और स्थानीय खिलाड़ी कोडाई नारोका को हराया.

श्रीकांत के साथ-साथ हाल ही में ‘हाइलो ओपन’ जीतने वाले लक्ष्य सेन भी अंतिम आठ खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं. उन्होंने अपने चीनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ एक आसान जीत दर्ज की. नारोका के खिलाफ 0-4 के खराब हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के बावजूद, श्रीकांत ने संयम बनाए रखा और पहला गेम 21-15 से अपने नाम किया. इस गेम में वह 12-14 से पीछे चल रहे थे, लेकिन लगातार सात अंक जीतकर वापसी की.

जापानी खिलाड़ी ने जोरदार वापसी करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक खींच लिया और आखिरी गेम में शुरुआत में बढ़त भी बना ली. हालांकि, श्रीकांत ने अपना धैर्य नहीं खोया, स्कोर 7-7 से बराबर किया और फिर मैच पर नियंत्रण बनाते हुए 60 मिनट में 21-18 से जीत हासिल की.

इस सीजन में श्रीकांत की यह कोई पहली बड़ी जीत नहीं है. जून में यूएस ओपन के दौरान उन्होंने पेरिस 2024 के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट, मलेशिया के ली जी जिया को हराया था और टूर्नामेंट में उपविजेता रहे थे. इसके अलावा, सितंबर में उन्होंने कनाडा के तत्कालीन वर्ल्ड नंबर 9 विक्टर लाई को हराकर ‘चाइना मास्टर्स सुपर 750’ के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी.

क्वार्टर फाइनल में श्रीकांत का सामना एक और जापानी खिलाड़ी और विश्व के 15वें नंबर के खिलाड़ी कोकी वातानाबे से होगा. वहीं, आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चीन के डोंग तियान याओ को 35 मिनट में 21-8, 21-14 से करारी शिकस्त दी. सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए अब उनका मुकाबला जापान के युशी तनाका से होगा.

हालांकि, Thursday को India की डबल्स चुनौती समाप्त हो गई, क्योंकि पुरुष डबल्स जोड़ी हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन, तथा महिला डबल्स जोड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पुलेला अपने-अपने ‘राउंड ऑफ 16’ मैच हार गईं. हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन, जापान के ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से 34 मिनट में 21-14, 21-14 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए. वहीं, विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता त्रिशा और गायत्री को महिला डबल्स के ‘राउंड ऑफ 16’ में जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी, रिन इवानागा और की नाकानिशी के हाथों 21-14, 21-14 से हार का सामना करना पड़ा.

–

एसएम/पीएम

Share