Skip to content
Monday, 16 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

झाबुआ में आधा गिलास अभियान में जल संरक्षण की शपथ ने रचा कीर्तिमान

झाबुआ में आधा गिलास अभियान में जल संरक्षण की शपथ ने रचा कीर्तिमान

झाबुआ, 16 नवंबर . Madhya Pradesh के कई हिस्से जल संकट से जूझते हैं और इसमें जनजाति बाहुल्य झाबुआ भी शामिल है. यहां जनजातीय के नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर लोगों ने आधा गिलास अभियान के तहत जल संरक्षण की शपथ ली, जो गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज की गई है.

जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर केशव इंटरनेशनल स्कूल, बाडकुआं में आधा गिलास पानी-जल संरक्षण अभियान का आयोजन किया गया. पानी की बर्बादी रोकने, विद्यार्थियों में जल संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित करने, परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता अनुसार पानी लेने की आदत बनाने की शपथ ली गई. कार्यक्रम में हजारों प्रतिभागियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ सामूहिक जल शपथ लेकर अपना नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज कराया.

कार्यक्रम के आयोजन ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि ‘आधा गिलास पानी अभियान’ वर्ष 2012 से निरंतर चलाया जा रहा है, जिसे अब व्यापक सामाजिक स्तर तक ले जाने की यह एक बड़ी मुहिम है. प्रदेश की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रतिभागियों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों को ‘सामूहिक जल शपथ’ दिलाई. सभी ने एक स्वर में ‘जल बचाएं, भविष्य बचाएं—आओ, मिलकर संकल्प लें’ के उद्घोष के साथ स्वयं पानी की बर्बादी रोकने, आवश्यकतानुसार ही जल का उपयोग करने तथा अपने परिवार और समाज को इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया.

सांसद अनिता नागर सिंह चौहान ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने ‘जल, जंगल और जमीन’ की रक्षा का जो संकल्प लिया था, आज झाबुआ की धरा से यह अभियान उसी संकल्प को साकार कर रहा है और यह संदेश पूरे देश के लिए प्रेरणादायी बनेगा.

कलेक्टर योगेश भरसट ने प्रशासन की ओर से इस अभियान को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जल संकट आज की सबसे बड़ी चुनौती है और इसका समाधान जनभागीदारी से ही संभव है. इस आयोजन में बुन्देलखण्ड में जल संरक्षण की मुहिम चलाने वाले राम बाबू तिवारी भी मौजूद रहे. गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि मनीष विश्नोई ने मंच से आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्ड बनने की घोषणा की.

विश्नोई ने शारदा समूह के पदाधिकारियों को विश्व रिकॉर्ड का सम्मान एवं आधिकारिक प्रमाणपत्र प्रदान किया.

–

एसएनपी/डीकेपी

Share