Skip to content
Monday, 16 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
विज्ञान/प्रौद्योगिकी,व्यापार

एनवीडिया के अगले सीईओ की दौड़ में भारतीय मूल के तीन दिग्गज, थॉमस कुरियन समेत कई बड़े नाम चर्चा में

एनवीडिया के अगले सीईओ की दौड़ में भारतीय मूल के तीन दिग्गज, थॉमस कुरियन समेत कई बड़े नाम चर्चा में

New Delhi/तिरुवनंतपुरम, 16 नवंबर . वैश्विक चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग के अचानक इस्तीफे के बाद कंपनी के नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. उद्योग जगत में चल रही चर्चाओं के अनुसार, भारतीय मूल के तीन शीर्ष प्रौद्योगिकी नेता संभावित उत्तराधिकारियों की सूची में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं.

इन नामों में गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा ​​और पालो अल्टो नेटवर्क्स के सीईओ निकेश अरोड़ा शामिल हैं.

तीनों ही वैश्विक तकनीकी उद्योग के प्रतिष्ठित नेता माने जाते हैं और उन्हें ऐसी हस्तियां माना जा रहा है जो दुनिया की सबसे प्रभावशाली सेमीकंडक्टर कंपनियों में से एक एनवीडिया को उसके अगले विकास चरण में सफलतापूर्वक नेतृत्व दे सकती हैं.

एनवीडिया ने पिछले सप्ताह जेनसन हुआंग के इस्तीफे की घोषणा की थी, जिससे उनके तीन दशक से अधिक लंबे कार्यकाल का अंत हो गया. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका इस्तीफा कई कथित निजी विवादों और बढ़ती जांच-पड़ताल के बीच आया है.

हुआंग के पद छोड़ने के बाद कंपनी ने अपनी मुख्य वित्तीय अधिकारी कोलेट क्रेस्स को अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है. कंपनी ने कहा है कि निदेशक मंडल स्थायी सीईओ की नियुक्ति से पहले आंतरिक और बाहरी दोनों प्रकार के उम्मीदवारों का मूल्यांकन करेगा.

इस बीच, केरल में जन्मे थॉमस कुरियन का नाम विशेष रूप से चर्चा में है. हाल ही में जारी एचएसबीसी हुरुन ग्लोबल इंडियंस लिस्ट 2026 में उन्हें दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों का नेतृत्व करने वाले भारतीय मूल के शीर्ष अधिकारियों में पांचवां स्थान दिया गया था.

हालांकि, एनवीडिया के शीर्ष पद को लेकर चल रही अटकलों पर थॉमस कुरियन ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है. के साथ ईमेल संवाद में उन्होंने इस विषय पर कुछ भी कहने से परहेज किया.

नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बहस तब और तेज हो गई जब अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि एनवीडिया को नए चीफ एक्जीक्यूटिव की तलाश के दौरान कंपनी के बाहर भी देखना पड़ सकता है.

इस मामले में थॉमस कुरियन का नाम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने गूगल क्लाउड को क्लाउड कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अग्रणी वैश्विक खिलाड़ियों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उनकी तकनीकी और व्यावसायिक नेतृत्व क्षमता एनवीडिया जैसी कंपनी के लिए उपयोगी साबित हो सकती है.

वहीं संजय मेहरोत्रा ने मेमोरी चिप निर्माता माइक्रोन टेक्नोलॉजी को वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग में मजबूत स्थिति दिलाई है, जबकि निकेश अरोड़ा साइबर सुरक्षा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी पालो अल्टो नेटवर्क्स के प्रमुख के रूप में अपने रणनीतिक नेतृत्व और वैश्विक कारोबारी अनुभव के लिए जाने जाते हैं.

–

डीबीपी

Share