एंडर बैरेनेट्क्सेआ की हुई सर्जरी, 6 महीने तक मैदान से रह सकते हैं बाहर

मैड्रिड, 14 नवंबर . रियल सोसिदाद फुटबॉल क्लब के विंगर एंडर बैरेनेट्क्सेआ को लंबे समय तक मैदान से बाहर रहना पड़ सकता है. पिछले सप्ताहांत रायो वैलेकानो के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें चोट लग गई थी, जिसके बाद उनके दाहिने हैमस्ट्रिंग की सर्जरी की गई है.
स्पेन के 24 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की यह सर्जरी मैड्रिड के हॉस्पिटल यूनिवर्सिटारियो विथास अरावका में हुई, जिसे फिनिश विशेषज्ञ लासे लेम्पैनन ने अंजाम दिया. रियल सोसिदाद ने पुष्टि की है कि सर्जरी सफल रही और इसमें कोई जटिलता नहीं आई. ‘सिन्हुआ’ के अनुसार, क्लब ने प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें चोटिल हैमस्ट्रिंग मांसपेशी का पुनर्निर्माण किया गया है.
क्लब ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “डॉ. लासे लेम्पैनन ने ओपन सर्जरी के जरिए चोट की गंभीरता को समझा और हैमस्ट्रिंग मांसपेशियों के शुरुआती हिस्से का एनाटॉमिकल पुनर्निर्माण करके इसका इलाज किया. यह प्रक्रिया बिना किसी जटिलता के सफलतापूर्वक पूरी हो गई.” अब बैरेनेट्क्सेआ को एक लंबे रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) दौर से गुजरना होगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 5 से 6 महीने तक खेल से दूर रह सकते हैं. हालांकि, रियल सोसिदाद ने उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई है, लेकिन अगर उनका रिहैबिलिटेशन उम्मीद के मुताबिक चलता है, तो वह मौजूदा सीजन के अंतिम चरणों में वापसी कर सकते हैं.
यह चोट स्पेनिश विंगर के लिए एक बड़ा झटका है, जिन्होंने रियल सोसिदाद की अटैकिंग लाइन-अप में खुद को एक अहम खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है. उनके बाहर होने से सीजन के एक बड़े हिस्से के लिए क्लब के पास फ्लैंक (किनारों) पर खेलने वाले खिलाड़ियों के विकल्पों में से एक कम हो जाएगा.
बैरेनेट्क्सेआ को पिछले सप्ताहांत रायो वैलेकानो के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. मेडिकल जांच के बाद यह पाया गया कि चोट गंभीर है और इसके लिए सर्जरी की जरूरत है. विशेषज्ञ लेम्पैनन – जो हैमस्ट्रिंग की चोटों के इलाज के लिए जाने जाते हैं – द्वारा चोट की गंभीरता और जटिलता का आकलन करने के बाद सर्जरी का फैसला लिया गया. अब क्लब का पूरा ध्यान इस विंगर की रिकवरी और रिहैबिलिटेशन पर होगा, जिसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि वह कब प्रतिस्पर्धी खेलों में वापसी कर सकते हैं.
–
एसएम/डीकेपी


