स्पेस में सोने से पहले क्या तैयारियां करते हैं एस्ट्रोनॉट्स? नासा ने दिखाई आर्टेमिस II मिशन की स्लीप रूटीन

New Delhi, 14 मई . स्पेस की दुनिया रहस्यों और हैरत से भरी जानकारियों से भरी हुई है. कई सवाल हैं जो जिज्ञासा पैदा करते हैं. ऐसा ही एक सवाल है कि स्पेस में सोने से पहले एस्ट्रोनॉट्स क्या-क्या तैयारियां करते हैं? अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने आर्टेमिस II मिशन के दौरान ली गई एक दिलचस्प वीडियो क्लिप के जरिए इस सवाल का जवाब दिया है.

नासा ने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर आर्टेमिस II मिशन के 8वें फ्लाइट डे का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “हमारे साथ सोने की तैयारी करें… सोने से पहले स्लीप रूटीन जरूरी है, खासकर अंतरिक्ष में.”

वीडियो क्लिप में मिशन के चारों सदस्य कमांडर रीड वाइजमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर, मिशन स्पेशलिस्ट क्रिस्टीना कोच और जेरेमी हैनसेन सोने से पहले अपनी पूरी चेकलिस्ट पूरा करते नजर आए. वीडियो में वे व्यवस्थित तरीके से सोने की तैयारियां करते दिख रहे हैं.

अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण की कमी के कारण रोजमर्रा की छोटी-छोटी चीजें भी चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं. इसलिए नासा के एस्ट्रोनॉट्स नींद से पहले इन सभी बातों को बहुत सावधानी से चेक करते हैं ताकि रात के दौरान कोई समस्या न आए और वे सुरक्षित रूप से आराम कर सकें. एस्ट्रोनॉट्स सोने से पहले क्या चेक करते हैं? वीडियो में एस्ट्रोनॉट्स एक-एक करके चेकलिस्ट पूरी करते हुए सुनाई दे रहे हैं:-

स्लीपिंग बैग ठीक से लगाए गए हैं, केबिन का सामान सही जगह पर है. क्या साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक है, हाइजीन बे में कोई रुकावट तो नहीं. एयर इनलेट्स, डिफ्यूजर, नेगेटिव और पॉजिटिव प्रेशर रिलीफ सिस्टम चेक है या नहीं, इमरजेंसी उपकरण साफ और आसानी से पहुंच में हैं? सभी ज्वलनशील चीजें आग न पकड़ने वाले कंटेनरों में बंद हैं? लिथियम-आयन बैटरियां खिड़कियों के पास तो नहीं रखी गई हैं, डिस्प्ले बंद कर दिए गए हैं. ऑडियो को स्लीप मोड में डाला गया है या नहीं और अंत में चेक करना है कि केबिन की लाइट्स बंद की गई हैं या नहीं.

वीडियो में एस्ट्रोनॉट की आवाज साफ सुनी जा सकती है, “ हम शुरू कर रहे हैं… क्या तुम लोग लाइटें बंद करने के लिए तैयार हो?” और बाकी सदस्य “तैयार हैं” कहते हैं.

एमटी/पीएम

Leave a Comment