
नई दिल्ली, 19 अगस्त . केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष रखा. उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वंदे मातरम एक ऐसा अमर गीत है, जिसने आजादी की लड़ाई को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया है. यह एक ऐसा महान और प्रेरक गीत है, जो हिंदुस्तान के लोगों को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर देता है. यह एक ऐसा गीत है, जिसे गाकर हजारों लोग वीरगति को प्राप्त हो गए. हमारे देश में कई ऐसी पुण्य आत्मा होगी, जिन्होंने अपनी जिंदगी के आखिरी क्षण में यह गीत गाया होगा.
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा वंदे मातरम के अपमान की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का अपना एक अलग सम्मान है. अगर कोई इस राष्ट्रीय गीत का अपमान करता है, तो वो ऐसा करके उन शहीदों का अपमान कर रहा है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी थी. आजादी की लड़ाई में कई लोगों ने वंदे मातरम गाते हुए खुद को बलिदान कर दिया था.
साथ ही, उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कहा कि देश के हर कोने में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत हुई. देश के हर हिस्से में इसका आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. इसमें शामिल होने वाले सभी लोग देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आए.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान पांचवें साल में प्रवेश कर चुका है. यह एक सफल अभियान साबित होने जा रहा है. इस अभियान का मकसद अब हर हाल में पूरा हो रहा है. पिछले साल हर घर तिरंगा अभियान के तहत से साढ़े सात करोड़ लोगों ने सेल्फी विथ तिरंगा अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया था. लेकिन, खास बात यह है कि अबकी बार यह रिकॉर्ड टूटा है. इस अभियान ने इस बार एक नया रिकॉर्ड बनाने का काम किया है, जिसकी चौतरफा प्रशंसा की जा रही है. हमें पूरा विश्वास है कि इस बार यह रिकॉर्ड 10 करोड़ के पार जाएगा.
–
एसएचके/पीएम