ईटीपीएल वैश्विक क्रिकेट को और मजबूत करेगी: फाफ डू प्लेसिस

नई दिल्ली, 19 अगस्त . दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस का मानना ​​है कि जब एसोसिएट देशों को बराबर मौके मिलेंगे, तो वैश्विक क्रिकेट और मजबूत होगा. उनका मानना ​​है 26 अगस्त से शुरू हो रही यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के माध्यम से वैश्विक क्रिकेट को मजबूती दी जा सकती है. डू प्लेसिस ईटीपीएल के पहले सीजन में रॉटरडैम डॉकर्स के को-ओनर और कप्तान हैं.

ईटीपीएल की तरफ से बुधवार को जारी एक बयान में डु प्लेसिस ने कहा, “हम सभी को उम्मीद थी कि एसोसिएट देश किसी समय आगे बढ़कर बड़ी टीमों को चुनौती देंगे. मैं 2026 टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा होते देखकर हैरान था, और यह निश्चित रूप से मेरा हाइलाइट था. मैं घर पर बैठकर देख रहा था और सोच रहा था, ‘यह कितना अच्छा है?’ मैंने खुद को हर बार एसोसिएट टीमों को सपोर्ट करते हुए पाया. मुझे उम्मीद थी कि वे कई मौकों पर, आखिर तक जीत हासिल कर लेंगे. यह देखकर बहुत अच्छा लगा, और मेरा मानना ​​है कि यह भविष्य के लिए एक कदम है.”

उन्होंने कहा, “ईटीपीएल के आने के साथ, जरा सोचिए कि क्रिकेट का खेल अब से दो, तीन, पांच या दस साल बाद कितना मजबूत होगा, जब हर टीम के पास एक जैसे मौके होंगे, चाहे आप स्कॉटलैंड से हों या दक्षिण अफ्रीका से.”

फाफ ने कहा, “जब आप पहली बार ईटीपीएल के बारे में सुनते हैं, तो आपको हैरानी होती है कि यह सब क्या है. फिर आप इसमें शामिल खिलाड़ियों, स्टीव स्मिथ, मिशेल मार्श, टिम डेविड और दूसरों को देखते हैं. आप विदेशी प्रतिभा की क्षमता देखते हैं, जिसमें मैं और हेनरिक क्लासेन भी शामिल हैं.”

उन्होंने कहा, “यह एक टॉप-क्लास लाइनअप है, जैसा आप दुनिया भर की शीर्ष लीग में देखते हैं. यह लीग अभी अपने शुरुआती दौर में है. अभी तक किसी ने भी इसकी पूरी क्षमता नहीं देखी है. यही बात आपको इस सफर का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करती है.”

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स, रॉटरडैम फ्रेंचाइजी के को-ओनर के तौर पर डू प्लेसिस के साथ जुड़ेंगे.

उन्होंने कहा, “स्थानीय लीग यूरोपियन खिलाड़ियों को विश्व-स्तरीय टीमों के खिलाफ खुद को परखने के लिए एक आदर्श मंच देती है. ईटीपीएल के बारे में सबसे रोमांचक बात यह है कि यह छोटे क्रिकेट देशों के खिलाड़ियों को मौका देती है. हम पहले ही स्कॉटिश, आयरिश और डच प्लेयर्स की शानदार प्रतिभा देख चुके हैं. उन्होंने दिखाया है कि वे मुकाबला कर सकते हैं, लेकिन उन्हें हमेशा सही मंच नहीं मिला है.”

रोड्स ने कहा, “ईटीपीएल के साथ, उनके पास अपने गेम को अगले स्तर पर ले जाने के लिए एक सही स्टेज है. उन्हें दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ और खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा. यूरोपियन क्रिकेट को आगे बढ़ने के लिए ठीक इसी चीज की जरूरत है.”

पीएके

Leave a Comment