ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी के दौरान सोनू निगम ने डॉक्टरों के लिए गाया गाना, फैंस ने की स्वस्थ रहने की कामना

New Delhi, 9 अगस्त . मशहूर गायक सोनू निगम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संगीत उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिंदगी का अहम हिस्सा है. सर्जरी के दौरान दर्द के बावजूद सोनू निगम ने ऑपरेशन थिएटर में अपने डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के लिए गाना गाया. उन्होंने इस खास पल का वीडियो social media पर भी शेयर किया, जिसे देखने के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे है.

सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर ऑपरेशन थिएटर का एक वीडियो साझा किया. वीडियो में वह सर्जरी के दौरान अस्पताल के स्टाफ के सामने मोहम्मद रफी का मशहूर गाना ‘सुहानी रात ढल चुकी, न जाने तुम कब आओगे’ गाते नजर आए. यह गाना साल 1949 में आई फिल्म ‘दुलारी’ का है.

वीडियो के साथ सोनू निगम ने लिखा, ”यह डॉक्टर निलेश सतभाई और उनकी टीम के लिए सर्जरी के दौरान अचानक दिया गया एक छोटा सी परफॉर्मेंस थी. मेरे लिए दर्द के बीच गाना गाना संगीत की खुशी है.”

वीडियो सामने आने के बाद social media पर फैंस ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई और उनके जल्द ठीक होने की दुआ की. कई लोगों ने उनके हौसले की तारीफ भी की. हालांकि, सोनू निगम ने इस वीडियो में यह नहीं बताया कि उनकी किस बीमारी या समस्या के लिए सर्जरी की गई.

इससे पहले जून में सोनू निगम ने social media के जरिए अपनी सेहत से जुड़ा एक बड़ा अपडेट दिया था. उन्होंने बताया था कि वह कुछ समय से नसों से जुड़ी एक दर्दनाक समस्या से परेशान थे. इसके इलाज के दौरान उनकी कई बार एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी जांच हुई. इसके लिए वह कई दिनों से दवाइयां भी ले रहे है.

अपने एक वीडियो में सोनू निगम ने कहा था, ”मेरी नसों पर दबाव पड़ रहा है. करीब एक सप्ताह से एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी जांच चल रही है और इस दौरान मुझे काफी दवाइयां भी लेनी पड़ीं. मैं काफी तकलीफ से गुजर रहा हूं.”

सोनू ने अपने गले से जुड़ी परेशानी के बारे में भी जानकारी दी थी. उन्होंने इलाज के दौरान होने वाली परेशानी का जिक्र करते हुए कहा था, ”फिजियोथेरेपी मेरे लिए काफी दर्दनाक रही. दर्द को कम करने के लिए पेनकिलर लेने पड़ रहे थे. दवाइयों की वजह से मेरा गला थोड़ा भारी महसूस हो रहा है.”

पीके/वीसी

Leave a Comment