
वायनाड, 28 जून . केरल की एक प्रसिद्ध पर्वतारोही जुहरा चेरुकुपल्ली Sunday को पूरे परिवार के साथ वायनाड की कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से मिलने पहुंचीं.
जुहरा चेरुकुपल्लीमाउंट एवरेस्ट को सफलतापूर्वक फतह करने वाली केरल की केवल तीसरी महिला बनीं. प्रियंका गांधी ने जुहरा को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी. उन्होंने जुहरा के दृढ़ संकल्प, साहस और लगन की सराहना करते हुए उनकी इस उपलब्धि को देशभर की महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया.
जुहरा मूल रूप से मंजेरी, मलप्पुरम (केरल) की रहने वाली हैं और पेशे से एचआर क्षेत्र से जुड़ी रही हैं. जुहरा को एक पर्वतारोही, रॉक क्लाइंबर और ट्रैवल ब्लॉगर के रूप में भी जाना जाता है. मई 2026 में उन्होंने माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह की और ऐसा करने वाली केरल की तीसरी महिला बनीं.
हालांकि यह उनका दूसरा प्रयास था. पहली कोशिश के दौरान वह असफल रही थीं. उनकी पहली एवरेस्ट चढ़ाई का प्रयास खराब मौसम के कारण अधूरा रह गया था, लेकिन उन्होंने दोबारा प्रयास किया और 20 मई 2026 को सफलता हासिल की.
जुहरा दो बच्चों की मां हैं. एवरेस्ट अभियान की तैयारी के लिए उन्होंने कई वर्षों तक प्रशिक्षण लिया और छोटे-छोटे पर्वतों से शुरुआत करते हुए हिमालयी अभियानों तक पहुंचीं.
कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा केरल दौरे पर थीं. इस दौरान उन्होंने वायनाड में पार्टी से जुड़े लोगों के साथ बैठक की. साथ ही उन्होंने कल्पेट्टा के पडिनजाराथरा में जिलास्तरीय पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
कांग्रेस महासचिव और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने वायनाड संसदीय क्षेत्र के विधायकों से भी मुलाकात की और छात्रों के लिए आयोजित ‘एमएलए एक्सीलेंस अवॉर्ड’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया.
–
एएमटी/वीसी