भारतीय शेयर बाजार की शीर्ष 10 में से 7 कंपनियों का मार्केटकैप 2 लाख करोड़ से ज्यादा गिरा, टीसीएस को सबसे अधिक नुकसान

Mumbai , 26 अप्रैल . भारतीय शेयर बाजार की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों का मार्केटकैप दो लाख करोड़ रुपए से अधिक कम हो गया है और इसमें टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) को सबसे अधिक नुकसान हुआ है.

इस दौरान सेंसेक्स 1,829.33 अंक या 2.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,664.21 और निफ्टी 455.60 अंक या 1.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,897.95 पर बंद हुआ.

टीसीएस और आरआईएल के अलावा 20-24 अप्रैल के कारोबारी सत्र के दौरान, जिन कंपनियों का मार्केटकैप कम हुआ है, उनमें एचडीएफसी बैंक, एलआईसी, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी का नाम शामिल हैं.

इसके अलावा, एचयूएल, एसबीआई और बजाज फाइनेंस के मार्केटकैप में इजाफा हुआ है. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयरों में सबसे तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे कंपनी का मूल्यांकन 66,699.44 करोड़ रुपए घटकर 8,67,364.12 करोड़ रुपए रह गया.

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई और इसका बाजार मूल्यांकन 50,670.34 करोड़ रुपए घटकर 17,96,647.50 करोड़ रुपए हो गया.

एचडीएफसी बैंक के बाजार पूंजीकरण में 23,090.05 करोड़ रुपए की गिरावट आई और यह घटकर 12,08,225.48 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जबकि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार पूंजीकरण में 19,670.75 करोड़ रुपए की गिरावट आई और यह घटकर 5,13,020.56 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है.

भारती एयरटेल के शेयरों में भी 19,406.59 करोड़ रुपए की गिरावट आई और इसका मूल्यांकन घटकर 11,05,718.62 करोड़ रुपए हो गया.

आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 14,663.27 करोड़ रुपए घटकर 9,50,345.40 करोड़ रुपए हो गया, और लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का बाजार मूल्यांकन 11,142.62 करोड़ रुपए घटकर 5,52,171.88 करोड़ रुपए हो गया.

दूसरी तरफ, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) के बाजार मूल्यांकन में 20,652.91 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई, जिससे इसका मार्केट कैप बढ़कर 5,47,219.80 करोड़ रुपए हो गया.

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाजार पूंजीकरण में भी 19,522.76 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई, जिससे इसका मार्केट कैप बढ़कर 10,16,752.53 करोड़ रुपए हो गया. वहीं, बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्यांकन 8,253.64 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई और इसका मार्केट कैप बढ़कर 5,73,690.81 करोड़ रुपए हो गया.

साप्ताहिक नुकसान के बावजूद, रिलायंस इंडस्ट्रीज India की सबसे मूल्यवान कंपनी के रूप में अपनी स्थिति बरकरार रखने में सफल रही, जिसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा.

एबीएस/

Leave a Comment