
एडिलेड, 11 जनवरी . बिग बैश लीग में मिशेल मार्श बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. Sunday को एडिलेड में एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मार्श शतक से चूक गए.
मुकाबले में एडिलेड स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. पर्थ स्कॉचर्स की तरफ से पारी की शुरुआत करने के लिए आए मिशेल मार्श ने 51 गेंद पर 7 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 88 रन की पारी खेली. वह दुर्भाग्यशाली रहे कि अपने शतक से चूक गए.
मार्श ने पहले विकेट के लिए फिन एलेन (16 गेंद पर 38 रन) के साथ 81 रन की साझेदारी की. इसके बाद तीसरे विकेट के लिए जोश इंग्लिस (23 गेंद पर 42 रन) के साथ 77 रन जोड़े. मार्श की पारी और इन साझेदारियों की बदौलत पर्थ स्कॉचर्स ने 4 विकेट पर 232 रन का विशाल स्कोर बनाया. आरोन हार्डी 22 गेंद पर 34 और कप्तान एश्टन टर्नर 8 गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे.
एडिलेड स्ट्राइकर्स को जीत के लिए 233 रन बनाने होंगे जो कहीं से भी आसान नहीं है.
मिशेल मार्श का फॉर्म ऑस्ट्रेलिया के लिए वरदान के समान है. टी20 विश्व कप 2026 में मार्श ऑस्ट्रेलिया के कप्तान हैं. वह ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करते हैं. मार्श और हेड दोनों ही पहली गेंद से बड़ा शॉट लगाने के लिए जाने जाते हैं. मार्श जिस तरह बल्लेबाजी कर रहे हैं, अगर उन्हें हेड का भी सहयोग मिल गया, या अगर दोनों बल्लेबाज टूर्नामेंट में चल गए, तो फिर विपक्षी टीमों की मुश्किल बढ़ने वाली है.
दोनों बल्लेबाजों को India में खेलने का अनुभव है. ऐसे में हेड के साथ मार्श ऑस्ट्रेलिया के लिए करिश्मा कर सकते हैं. 34 साल के मार्श 81 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों की 76 पारियों में 1 शतक और 11 अर्धशतक की मदद से 2,083 रन बना चुके हैं.
–
पीएके