Skip to content
Wednesday, 18 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
अंतरराष्ट्रीय

2027 में ‘आस‍ियान’ की कमान संभालते ही जलवायु कार्रवाई और क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ाएगा सिंगापुर: ग्रेस फू

2027 में ‘आस‍ियान’ की कमान संभालते ही जलवायु कार्रवाई और क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ाएगा सिंगापुर: ग्रेस फू

सिंगापुर, 18 नवंबर . सिंगापुर ने कहा कि 2027 में ‘आस‍ियान’ (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) की अध्यक्षता संभालने के बाद वह जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करेगा. इसके तहत सीमा-पार बिजली व्यापार, जलवायु के असर से निपटने की तैयारी और खाद्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

सिंगापुर की स्थिरता और पर्यावरण मंत्री ग्रेस फू ने एक बयान में कहा कि देश ‘आस‍ियान’ के सदस्य देशों के साथ मिलकर ‘आस‍ियान पावर ग्रिड’ परियोजना को आगे बढ़ाएगा. साथ ही सीमा-पार बिजली परियोजनाओं के लिए वित्तपोषण और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने पर काम करेगा.

तुर्की में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी-31) में सिंगापुर का राष्ट्रीय वक्तव्य पेश करते हुए ग्रेस फू ने खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने की विभिन्न पहलों का भी जिक्र किया.

उन्होंने बताया कि इनमें ‘स्पायर एशिया’ जैसी पहल शामिल हैं, जिसके तहत जलवायु अनुकूलन परियोजनाओं में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर तक का मिश्रित वित्त (ब्लेंडेड फाइनेंस) फंड बनाया गया है.

ग्रेस फू ने कहा कि सिंगापुर अपने क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर कृषि क्षेत्र पर जलवायु परिवर्तन के जोखिमों को कम करने के लिए काम करेगा. इसके अलावा भूमि प्रबंधन में सुधार, बेहतर निगरानी और क्षेत्रीय सहयोग के जरिए सीमा-पार धुंध की समस्या से निपटने के प्रयास भी तेज किए जाएंगे.

इससे एक दिन पहले, Tuesday को सिंगापुर के Prime Minister लॉरेंस वोंग ने कहा कि ‘आस‍ियान’ की अध्यक्षता संभालना उनके देश के लिए सम्मान की बात है. उन्होंने इसे खास पल बताया क्योंकि 2027 में ‘आस‍ियान’ अपनी स्थापना के 60 साल पूरे करेगा.

वोंग ने ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, “सिंगापुर ऐसे महत्वपूर्ण समय में ‘आस‍ियान’ की अध्यक्षता संभालने पर सम्मानित महसूस कर रहा है. अगले वर्ष ‘आस‍ियान’ के 60 वर्ष पूरे होंगे. ‘आस‍ियान’ ने हमारे क्षेत्र में शांति बनाए रखने, अर्थव्यवस्थाओं को एक-दूसरे के करीब लाने और लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.”

उन्होंने कहा कि दुनिया में हो रहे बाहरी बदलावों को ‘आस‍ियान’ पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सकता, लेकिन यह जरूर तय कर सकता है कि उनका जवाब किस तरह दिया जाए.

वोंग ने कहा, “हम एकजुट रहना चुन सकते हैं, आपसी सहयोग को और गहरा कर सकते हैं और अपने भविष्य को खुद आकार देने की क्षमता को मजबूत कर सकते हैं.”

Prime Minister ने बताया कि ‘आस‍ियान’ की अध्यक्षता के दौरान सिंगापुर का विषय (थीम) होगा, ‘डीपर इंटीग्रेशन, वाइडर पार्टनरशिप्स’ उन्होंने कहा कि इस विषय के तहत वित्त, डिजिटल तकनीक और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में आपसी जुड़ाव को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा. वोंग ने कहा कि‍ ऐसे समय में जब दुनिया पहले से ज्यादा बंटी हुई नजर आ रही है, हमारा जवाब नए पुल बनाने, साझेदारियों को मजबूत करने और सभी सहयोगी देशों के साथ संबंधों को और गहरा करने का है.

उन्होंने कहा कि सिंगापुर ‘आस‍ियान’ के सभी सदस्य देशों और अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर ऐसे ‘आस‍ियान’ के निर्माण के लिए काम करेगा जो अपने उद्देश्य में एकजुट, अपने भविष्य को लेकर आत्मविश्वासी और पूरी दुनिया के लिए खुला हो.

–

एवाई/डीकेपी

Share