हांगकांग सिक्सेस 2026: क्रुणाल पंड्या होंगे भारत के कप्तान, भुवनेश्वर की जगह खेजरोलिया को मौका

New Delhi, 17 अक्टूबर . हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम की कप्तानी ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या करेंगे. पहले भारतीय टीम की कप्तानी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार करने वाले थे, लेकिन 22 अक्टूबर से शुरू होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में उनके चयन के बाद क्रुणाल को यह जिम्मेदारी दी गई.
भुवनेश्वर कुमार की जगह हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम में तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को जगह दी गई है. हांगकांग सिक्सेस के लिए भारतीय टीम में क्रुणाल पंड्या और कुलवंत खेजरोलिया के अलावा शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी. नटराजन को शामिल किया गया है. भारतीय टीम के खिलाड़ियों के पास आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव है. साथ ही, टीम गेंदबाजी और बल्लेबाजी के लिहाज से संतुलित और मजबूत है.
क्रिकेट हांगकांग, चीन के कमर्शियल और मार्केटिंग डायरेक्टर अनुराग भटनागर ने कहा, “हम हांगकांग सिक्सेस 2026 में भुवनेश्वर कुमार को जरूर मिस करेंगे, लेकिन हमें उन्हें नेशनल टीम में बुलावा मिलने पर बहुत खुशी हो रही है. चार साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी एक खास मील का पत्थर है, और हम India के न्यूजीलैंड दौरे पर उनकी हर सफलता की कामना करते हैं. हम भविष्य में हांगकांग सिक्सेस में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं.”
हांगकांग सिक्सेस 2026 का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हांगकांग के टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में किया जाएगा. टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी. India और Pakistan को ग्रुप-सी में रखा गया है. इस ग्रुप की तीसरी टीम यूएई है. ग्रुप चरण में हर टीम को अपने ग्रुप की बाकी दोनों टीमों से मुकाबला करना है. इसके बाद प्रदर्शन के आधार पर टीमें कप, प्लेट और बाउल वर्गों में आगे बढ़ेंगी. हांगकांग सिक्सेस का फॉर्मेट अनोखा है. एक टीम में 6 खिलाड़ी हो सकते हैं और मैच 5-5 ओवर का खेला जाता है. विकेटकीपर को छोड़कर सभी खिलाड़ी 1-1 ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं.
हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए भारतीय टीम: क्रुणाल पंड्या (कप्तान), शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, टी. नटराजन और कुलवंत खेजरोलिया.
–
पीएके


