
Mumbai , 9 सितंबर . अक्षय कुमार के जन्मदिन पर फैंस के साथ-साथ सेलेब्स भी उन्हें बधाई दे रहे हैं. इस कड़ी में राशि खन्ना ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और उनके साथ बिताए एक मजेदार पल का वीडियो भी साझा किया है. इस वीडियो में अक्षय कुमार, विद्या बालन और राशि खन्ना साथ में डांस करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में अक्षय अपने खास अंदाज में डांस करते दिख रहे हैं और पीछे एक प्राइवेट जेट भी नजर आ रहा है.
राशि ने इस वीडियो के साथ अक्षय के लिए एक प्यारा भरा मैसेज भी लिखा है, जिसमें उन्होंने Actor की मेहनत और उनके मजाकिया अंदाज की तारीफ की. उन्होंने लिखा, ”उस इंसान के नाम, जो अपने आसपास के सभी लोगों से खूब मेहनत करवाते हैं और उससे भी ज्यादा हंसाते हैं. ज्यादा डांस और ज्यादा शरारत करते हैं. जन्मदिन मुबारक हो, अक्षय सर!”
वीडियो में अक्षय, विद्या और राशि, तीनों की मस्ती लोगों को काफी पंसद आ रही है. बता दें कि अक्षय और राशि जल्द ही अनीस बज्मी की आने वाली फैमिली कॉमेडी फिल्म में साथ दिखाई देंगे. फिल्म का नाम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इसकी स्टारकास्ट ने पहले ही लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है. इसमें अक्षय कुमार और विद्या बालन की जोड़ी भी लंबे समय बाद फिर से साथ नजर आएगी. दोनों को इससे पहले एक साथ ‘भूल भुलैया’ में देखा गया था और अब एक बार फिर दोनों पर्दे पर साथ आने वाले हैं.
वहीं, अनीस बज्मी के साथ अक्षय की भी लंबे समय बाद वापसी हो रही है. दोनों ने इससे पहले ‘वेलकम’ में साथ काम किया था और अब करीब 15 साल बाद निर्देशक और Actor की यह जोड़ी दोबारा साथ आई है.
इससे पहले अक्षय ने अपने बर्थडे पर आने वाली फिल्म ‘हैवान’ से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया था और उसके साथ जिंदगी को देखने का अपना नजरिया भी बताया. उन्होंने कहा कि हर चीज वैसी नहीं होती जैसी पहली नजर में दिखाई देती है. कभी जो बुरा नजर आता है, उसके पीछे कोई दूसरी कहानी छिपी हो सकती है और जिसे हम अच्छा समझते हैं, जरूरी नहीं कि वह सच में वैसा ही हो.
अक्षय ने फिल्म का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ”मेरे जन्मदिन पर एक छोटी-सी बात… जो बुरा दिखाई देता है, वह हमेशा बुरा नहीं होता, और जो अच्छा दिखाई देता है, वह हमेशा अच्छा नहीं होता. शायद यही बात मुझे ‘हैवान’ ने सिखाई है. इतने सालों से आपने मुझे जो प्यार दिया है, उसके लिए शुक्रिया. इस Friday मैं आपको अपना एक ऐसा रूप दिखाने वाला हूं, जिसे आपने पहले नहीं देखा है. सिनेमाघरों में मिलते हैं. प्यार और दुआओं के साथ, आपका अक्षय.”
गौरतलब है कि अक्षय ने अपने फिल्मी करियर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन ‘हैवान’ में वह जिस रूप में नजर आने वाले हैं, वह उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग है.
–
पीके/एएस