Skip to content
Friday, 13 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
स्वास्थ्य/चिकित्सा,राष्ट्रीय

विश्व मधुमेह दिवस: क्या है डायबिटीज, युवाओं में क्यों बढ़ रहे इसके मामले; आयुर्वेद में बताए गए हैं निदान

विश्व मधुमेह दिवस: क्या है डायबिटीज, युवाओं में क्यों बढ़ रहे इसके मामले; आयुर्वेद में बताए गए हैं निदान

New Delhi, 13 नवंबर . मधुमेह यानी डायबिटीज ऐसी समस्या है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक को प्रभावित कर रही है और साल दर साल डायबिटीज के मामले बढ़ते जाते रहे हैं.

मधुमेह के प्रसार को रोकने और उसके निदान के लिए हर वर्ष 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस पूरी दुनिया में मनाया जाता है. मधुमेह को लेकर जागरूकता शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों में दी जाती है, क्योंकि कुछ लोग इस समस्या को बीमारी नहीं मानते और कुछ लोगों को पता ही नहीं है कि वे इस बीमारी से पीड़ित हैं.

सबसे पहले विश्व मधुमेह दिवस वर्ष 1991 में मनाया गया था. इसे अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मिलकर लोगों में मधुमेह के प्रति जागरूकता और निदान के लिए शुरू किया था. हर वर्ष देश में मधुमेह के आंकड़े बढ़ रहे हैं, और वर्ष 2025 तक विश्व भर में हर 3 में से 1 व्यक्ति को मधुमेह है और 4 में से 1 व्यक्ति को पता ही नहीं है कि वह प्रीडायबिटीज का शिकार है.

अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ और विश्व स्वास्थ्य संगठन के डेटा की मानें तो वयस्क आबादी इस बीमारी से ज्यादा प्रभावित हो रही है. ज्यादा तनाव और खराब जीवनशैली की वजह से दुनिया भर में हर 9 में से 1 वयस्क इस बीमारी का शिकार है और 40 फीसदी युवाओं को पता ही नहीं कि वे इस बीमारी से जूझ रहे हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन की मानें तो 2025 तक दुनिया भर में लगभग 830 मिलियन लोगों को मधुमेह है और आगे भी ये आंकड़ा बढ़ने वाला है.

विश्व मधुमेह दिवस पर सबसे पहले ये जानते हैं कि मधुमेह क्या है. खाना खाने के बाद हमारा शरीर ग्लूकोज बनाता है, जो ऊर्जा देने का काम करता है, लेकिन ग्लूकोज को ऊर्जा के लिए रक्त और कोशिकाओं तक पहुंचाने के लिए इंसुलिन हार्मोन की जरूरत पड़ती है. पैंक्रियाज इंसुलिन बनाने का काम करता है, और अगर यह ठीक तरीके से इंसुलिन नहीं बनाता है, तो ग्लूकोज कोशिकाओं तक अच्छे से नहीं पहुंच पाता है और रक्त में शुगर की मात्रा बढ़ जाती है. इस स्थिति को मधुमेह कहते हैं.

मधुमेह में टाइप 1 डायबिटीज और टाइप 2 डायबिटीज सबसे ज्यादा देखी जाती हैं. गर्भावस्था के समय भी मधुमेह की समस्या हो सकती है. टाइप 2 डायबिटीज और गर्भावस्था के दौरान होने वाले मधुमेह को समय रहते काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है, लेकिन टाइप 1 डायबिटीज एक खतरनाक स्टेज है, जिसमें पैंक्रियाज इंसुलिन बनाना बिल्कुल बंद कर देता है. इस स्थिति में किडनी, आंखों और दिल पर दबाव बना रहता है.

आयुर्वेद में प्रीडायबिटीज को ‘मधुमेह पूर्व अवस्था’ कहा जाता है. आयुर्वेद में प्रीडायबिटीज के नियंत्रण के उपाय बताए गए हैं और माना गया है कि जीवनशैली और खान-पान में बदलाव के साथ इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है. प्रीडायबिटीज के नियंत्रण के लिए मेथी का पानी बहुत कारगर है. इसके लिए रात के समय एक चम्मच मेथी को एक गिलास पानी में भिगो दें. सुबह उस पानी को हल्का गुनगुना करके पी सकते हैं और कुछ मेथी के दाने चबा सकते हैं.

करेले और जामुन का रस या चूर्ण भी प्रीडायबिटीज में राहत देता है. इसके लिए सुबह खाली पेट करेले और जामुन का रस या पाउडर पानी में मिलाकर लिया जा सकता है. ये रक्त में शर्करा को नियंत्रित करने में मदद करते हैं. त्रिफला चूर्ण को कई बीमारियों का नाशक कहा जाता है. रात के समय इसे गुनगुने पानी में लेने से रक्त में शर्करा की मात्रा नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है.

इसके अलावा, रात में हल्दी वाला दूध और सुबह गिलोय का रस भी इस स्थिति में सहायक होते हैं. इसके साथ सफेद चावल, सफेद आटा और जूस पीने से परहेज करें. ऐसा करने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है. सिर्फ आहार में बदलाव लाने से कुछ नहीं होता, इसके साथ शरीर को एक्टिव रखना भी जरूरी है. रोजाना 30 मिनट तक सैर करनी चाहिए. खाना खाने के बाद भी टहलने की आदत रखनी चाहिए और योग और प्राणायाम भी इसके लिए कारगर हैं.

–

एसडी/एएस

Share