‘वह मुझे खूब हंसाते थे’, मैट राइट के निधन से भावुक हुईं एलेन डीजेनेरेस

Mumbai , 3 नवंबर . अमेरिकी टीवी होस्ट एलेन डीजेनेरेस अपने साथ लंबे समय तक काम करने वाले प्रोड्यूसर मैट राइट के निधन से बेहद दुखी हैं. उन्होंने मैट को याद करते हुए उन्हें हंसमुख, समझदार और दयालु इंसान बताया. एलेन ने कहा कि मैट उनके शो ‘द एलेन शो’ के ऐसे सदस्य थे, जो पूरी टीम को एक साथ जोड़कर रखते थे. उनके जाने से शो से जुड़े हर शख्स को बड़ा झटका लगा है. एलेन ने बताया कि दोनों जल्द ही एक नए प्रोजेक्ट पर साथ काम शुरू करने वाले थे.
एलेन ने एक वीडियो मैसेज शेयर कर मैट को याद किया. उन्होंने कहा, ”मैट राइट, जो हमारे एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर थे और शो में भी कई बार नजर आते थे, उनका कुछ दिन पहले निधन हो गया. वह कमाल के इंसान थे. बहुत मजाकिया थे. उन्होंने मुझे कई बार हंसाया. वह अक्सर अपने कामों से मुझे हैरान कर देते थे. वह समझदार और बहुत दयालु थे.”
उन्होंने आगे कहा, ”हमारे शो में उनकी ऐसी जगह थी कि हर कोई उन्हें पसंद करता था. हर कोई उनसे प्यार करता था. मैं भी उनसे बहुत प्यार करती थी. उनका जाना हैरान करने वाला है. हम दोनों एक प्रोजेक्ट पर साथ काम करने वाले थे, जिसकी शुरुआत जल्द होनी थी. हम इसकी तैयारी कर रहे थे. हम उन्हें बहुत याद करेंगे. वह ‘द एलेन शो’ के पूरे परिवार को जोड़कर रखने वाली कड़ी थे और हमेशा रहेंगे.”
एलेन ने मैट के पति जस्टिन और उनके परिवार के प्रति भी संवेदना जताई. उन्होंने कहा कि मैट का जाना एक अच्छे इंसान को खोने जैसा है. एलेन ने दिवंगत डीजे और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर स्टीफन ‘ट्विच’ बॉस के साथ मैट की दोस्ती को भी याद किया. उन्होंने बताया कि दोनों एक-दूसरे के काफी करीब थे.
एलेन ने कहा, ”जस्टिन और उनके परिवार के लिए मुझे बहुत दुख है. हमने एक अच्छे इंसान को खो दिया है. मैट और ट्विच बहुत अच्छे दोस्त थे. अब दोनों साथ में नाच रहे होंगे और हंस रहे होंगे.”
–
पीके/एएस


