‘लोग चर्चा में रहने के लिए करते हैं ऐसे स्टंट’, रोहित रॉय के बयान पर भड़कीं इंदिरा कृष्णा

Mumbai , 14 सितंबर . एक्ट्रेस इंदिरा कृष्णा ने टीवी को लेकर रोहित रॉय के हालिया बयान पर जमकर नाराजगी जाहिर की है. रोहित ने छोटे पर्दे को ‘डस्टबिन मीडियम’ बताया था और टीवी एक्टर्स को लेकर भी अपनी राय रखी थी. अब इंदिरा कृष्णा ने उनके इस बयान पर खुलकर पलटवार किया है.

उन्होंने कहा कि जिस मीडियम ने इतने सालों तक एक्टर्स को काम, पहचान और दर्शकों का प्यार दिया, उसे इस तरह कमतर बताना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि कई बार लोग चर्चा में बने रहने के लिए ऐसे स्टंट करते हैं, खासकर तब जब लोग उन्हें भूलने लगते हैं.

इंदिरा ने से बातचीत में रोहित रॉय के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”टीवी जैसे मीडियम के लिए ‘डस्टबिन’ शब्द का इस्तेमाल करना बेहद खराब है. खासकर ऐसे दिग्गज एक्टर की तरफ से, जो खुद इसी मीडियम से आया है. टीवी ने कई स्किल्ड एक्टर्स को काम करने और अपनी कला दिखाने का मंच दिया है. टीवी को कमतर समझना ठीक नहीं है, क्योंकि इसी मीडियम से निकलकर कई बड़े डायरेक्टर फिल्मों तक पहुंचे हैं.”

उन्होंने आगे कहा, ”ऐसे बहुत से पॉपुलर डायरेक्टर हैं, जिन्होंने टीवी पर शानदार शोज बनाने के बाद फिल्मों का रुख किया. हर किसी की अपनी राय होती है. मेरे लिए टेलीविजन सिर्फ काम करने की जगह नहीं, बल्कि सम्मान और रोजी-रोटी का जरिया भी है. यह मेरे लिए मेरी इज्जत है. रोहित रॉय के बयान पर बस इतना कहना चाहूंगी कि यह उनका नजरिया है और वह उस पर कायम रह सकते हैं.”

इंदिरा ने कहा, ”कई बार जिन लोगों को लोग भूलने लगते हैं, वे चर्चा में बने रहने के लिए ऐसे स्टंट करते हैं. शायद रोहित रॉय भी उन्हीं में से एक है. मेरे लिए तो टीवी की सबसे बड़ी ताकत उसकी पहुंच है. टीवी हर घर तक पहुंचता है और एक्टर्स को दर्शकों से रोज जुड़ने का मौका देता है. कोई दूसरा मीडियम इस तरह की रोज की कनेक्शन वाली जगह आसानी से नहीं बना पाता.”

उन्होंने कहा, ”इतने सालों तक टीवी का हिस्सा रहने के बाद उसी मीडियम को नीचा दिखाना निराशाजनक है. जिस प्लेटफॉर्म ने किसी को पहचान दी है, उसका सम्मान करना भी जरूरी है.”

बता दें कि इंदिरा कृष्णा खुद टीवी की जानी-पहचानी एक्ट्रेस हैं और उन्होंने लंबे समय तक छोटे पर्दे पर काम किया है. ‘कृष्णाबेन खाखरावाला’, ‘कृष्णदासी’, ‘कहानी घर घर की’, ‘सावी की सवारी’, ‘ध्रुव तारा-समय सदी से परे’ और ‘दुर्गा-अटूट प्रेम कहानी’ जैसे शोज में उन्होंने अलग-अलग किरदार निभाए.

उन्होंने फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई है. उनका फिल्मी डेब्यू 1995 में ओडिया फिल्म ‘सुना पांजुरी’ से हुआ था, जिसमें वह सिद्धांत महापात्रा के साथ नजर आई थीं. फिल्म में उन्होंने पूजा का किरदार निभाया था और यह उस साल की बड़ी म्यूजिकल हिट साबित हुई थी. इसके बाद वह ‘त्रिशक्ति’ और मिथुन चक्रवर्ती के साथ ‘आज का रावण’ में नजर आईं.

बाद में इंदिरा ने ‘तेरे नाम’, ‘तथास्तु’, ‘चतुर सिंह टू स्टार’ और ‘हॉलीडे: ए सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी’ जैसी फिल्मों में काम किया. वह मराठी फिल्म ‘जनिवा’ का भी हिस्सा रहीं, जिसका निर्देशन उनके पति राजेश रंशिनागे ने किया था. हाल के समय में उन्होंने रणबीर कपूर स्टारर ‘एनिमल’ में भी काम किया है.

अब इंदिरा कृष्णा नितेश तिवारी की बड़े बजट की फिल्म ‘रामायण’ में नजर आने वाली हैं. फिल्म में वह भगवान राम की मां कौशल्या का किरदार निभा रही हैं.

पीके/एएस

Leave a Comment