Skip to content
Friday, 20 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
शिक्षा,मानवीय रुचि,राष्ट्रीय

यूजीसी नेट की विषयवार डेटशीट जारी, 14 से 21 दिसंबर तक होगी परीक्षा

यूजीसी नेट की विषयवार डेटशीट जारी, 14 से 21 दिसंबर तक होगी परीक्षा

New Delhi, 19 नवंबर . नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की विषयवार परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है. यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और फिर 21 दिसंबर को आयोजित की जाएगी. परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी. इसके लिए दो पालियां तय की गई हैं. पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी.

एनटीए ने 19 नवंबर को सार्वजनिक सूचना जारी कर परीक्षा का पूरा कार्यक्रम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया है. विषयवार परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 14 दिसंबर को पहली पाली में इतिहास, पाली, प्राकृत, तुलनात्मक साहित्य और लोक प्रशासन की परीक्षा होगी. एनटीए के अनुसार, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी परीक्षा की तारीख से 21 दिन पहले दी जाएगी. इससे उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी पहले ही मिल सकेगी और वे अपनी यात्रा की तैयारी कर सकेंगे.

एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़े नए अपडेट, दिशा-निर्देश और अन्य सूचनाओं के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें. किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए उम्मीदवार 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा टोल-फ्री नंबर और ईमेल के जरिए भी सहायता ली जा सकती है. एनटीए के अनुसार, यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 के लिए कुल 9,75,505 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क का भुगतान किया है. इन अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का आयोजन 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को किया जाएगा.

बीते दिनों नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में सुधार का अवसर दिया था. आवेदन में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो 2 नवंबर से खोली गई थी. अभ्यर्थियों के पास 4 नवंबर 2026 को रात 11 बजकर 50 मिनट तक अपने आवेदन पत्र में दर्ज विवरण में जरूरी बदलाव का अवसर था. इस दौरान कई अभ्यर्थियों ने अपने दस्तावेजों के आधार पर आवेदन पत्र में सुधार किया.

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई थी कि वे करेक्शन विंडो के दौरान अपने आवेदन पत्र में दर्ज सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें और किसी भी तरह की गलती होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसे ठीक कर लें. एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी नवंबर के अंतिम सप्ताह तक दे दी जाएगी. इसके अलावा परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड 7 दिसंबर को जारी किए जा सकते हैं.

वहीं, परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जल्द घोषित कर दिया है.नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपना कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रखें. आगे की सूचनाओं के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी गई है.

–

जीसीबी/डीकेपी

Share