Skip to content
Friday, 27 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
किताबें,राष्ट्रीय

यादों में हरिवंश : कभी श्यामा के प्यार में लिखी कविता, तो कभी ‘मधुशाला’ से जीता दिल

यादों में हरिवंश : कभी श्यामा के प्यार में लिखी कविता, तो कभी ‘मधुशाला’ से जीता दिल

New Delhi, 26 नवंबर . 27 नवंबर केवल कैलेंडर की एक तारीख नहीं है, बल्कि हिंदी साहित्य के उस महान रचनाकार को याद करने का अवसर है, जिसने अपनी लेखनी से प्रेम, विरह, पीड़ा, आशा और जीवन-दर्शन को शब्दों में ढाला. हम बात कर रहे हैं हिंदी के विख्यात कवि और लेखक हरिवंश राय बच्चन की, जिन्हें साहित्य जगत में विशेष रूप से ‘मधुशाला’ के रचयिता के रूप में जाना जाता है.

27 नवंबर 1907 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में जन्मे हरिवंश राय बच्चन ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और बाद में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से भी शिक्षा हासिल की. लेकिन बच्चन की असली पहचान उनकी डिग्रियों से नहीं, बल्कि उनकी कविताओं से बनी. साल 1935 में प्रकाशित उनकी रचना ‘मधुशाला’ ने उन्हें रातोंरात लोकप्रियता दिला दी. इस किताब की पंक्तियां लोगों की जुबान पर चढ़ गईं और देखते ही देखते बच्चन हिंदी साहित्य का बड़ा नाम बन गए.

दिलचस्प बात यह है कि जिस ‘मधुशाला’ ने उन्हें इतनी शोहरत दिलाई, उसके रचयिता हरिवंश राय बच्चन ने कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया. उनके बेटे और Bollywood के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता ने जीवन में कभी मदिरापान नहीं किया. अक्सर लोग उनसे सवाल करते थे कि जब उन्होंने शराब पी ही नहीं, तो ‘मधुशाला’ कैसे लिख दी?

‘मधुशाला’ को लेकर उस दौर में काफी विवाद भी हुआ था. कुछ लोगों का मानना था कि यह रचना युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकती है. बात महात्मा गांधी तक पहुंची. बताया जाता है कि गांधीजी ने बच्चन को बुलाकर उनकी रचना सुनने की इच्छा जताई. जब बच्चन ने उन्हें ‘मधुशाला’ सुनाई, तो गांधीजी ने उसमें कोई बुराई नहीं देखी. इसके बाद कवि को काफी राहत मिली.

हरिवंश राय बच्चन की जिंदगी में प्रेम और विरह का भी गहरा स्थान रहा. उनकी पहली शादी श्यामा से हुई थी, लेकिन बीमारी के कारण कम उम्र में ही उनका निधन हो गया. इस घटना ने बच्चन को अंदर तक तोड़ दिया. श्यामा की बीमारी और उनसे बिछड़ने का दर्द उनकी कविताओं में साफ झलकता है. उनकी पंक्तियां ‘रात आधी खींचकर मेरी हथेली, एक उंगली से लिखा था प्यार तुमने’ आज भी प्रेम और जुदाई का एहसास कराती हैं. बाद में 1942 में उन्होंने तेजी सूरी से दूसरी शादी की. तेजी उनके जीवन में नई उम्मीद बनकर आईं. उनके दो बेटे हुए, अमिताभ और अजिताभ.

बच्चन ने ‘मधुबाला’, ‘मधुकलश’, ‘क्या भूलूं क्या याद करूं’, ‘नीड़ का निर्माण फिर’ और ‘बसेरे से दूर’ जैसी कई यादगार रचनाएं दीं. उनकी कविता ‘जो बीत गई सो बात गई’ आज भी मुश्किल समय में लोगों को आगे बढ़ने की हिम्मत देती है.

साहित्य में उनके योगदान के लिए उन्हें 1968 में साहित्य अकादमी पुरस्कार और 1976 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया. साल 1966 में उन्हें राज्यसभा के लिए भी मनोनीत किया गया था. 18 जनवरी 2003 को Mumbai में उन्होंने अंतिम सांस ली, लेकिन उनकी कविताएं आज भी जीवित हैं.

–

पीआईएम/एएस

Share