यादों में वाणी जयराम : संगीत की दुनिया की वो जादुई आवाज, जिसने हर पीढ़ी का जीता दिल

Mumbai , 29 नवंबर . कुछ आवाजें ऐसी होती हैं, जो वक्त के साथ पुरानी नहीं पड़तीं, बल्कि हर बार सुनने पर दिल को एक नया सुकून देती हैं. ऐसी ही एक आवाज थीं मशहूर गायिका वाणी जयराम की. स्कूलों में सुबह की प्रार्थना के दौरान गूंजने वाला गीत ‘हमको मन की शक्ति देना’ हो या फिर ‘बोले रे पपीहरा’ की मधुर तान, उनकी आवाज ने हर उम्र के लोगों के दिल में खास जगह बनाई. शास्त्रीय संगीत की गहरी समझ और सुरों पर शानदार पकड़ रखने वाली वाणी जयराम को ‘आधुनिक India की मीरा’ भी कहा जाता था.
30 नवंबर 1945 को तमिलनाडु के वेल्लोर में जन्मीं वाणी जयराम का असली नाम कलाईवाणी था. उन्हें संगीत विरासत में मिला था. उनका परिवार शास्त्रीय संगीत से जुड़ा हुआ था, इसलिए बचपन से ही घर में संगीत का माहौल रहा. उन्होंने छोटी उम्र से ही संगीत सीखना शुरू कर दिया था. कर्नाटक संगीत की शुरुआती शिक्षा उन्होंने कदलुर श्रीनिवास अयंगर, टीआर बालासुब्रमण्यम और आरएस मणि से ली. इसके बाद उन्होंने पटियाला घराने के उस्ताद अब्दुल रहमान खान से हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की बारीकियां सीखीं.
वाणी जयराम ने महज आठ साल की उम्र में ऑल इंडिया रेडियो, मद्रास पर अपनी पहली सार्वजनिक प्रस्तुति दी थी. हालांकि, उनकी आवाज को देशभर में पहचान 1971 में आई फिल्म ‘गुड्डी’ से मिली. इस फिल्म में उन्होंने ‘बोले रे पपीहरा’ गाना गाया, जो रिलीज होते ही लोगों की जुबान पर चढ़ गया. इसी फिल्म का एक और गीत ‘हमको मन की शक्ति देना’ आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है. खास बात यह है कि यह गीत कई स्कूलों में सुबह की प्रार्थना का हिस्सा बन गया.
वाणी जयराम की आवाज में सिर्फ मिठास ही नहीं, बल्कि भावनाओं की गहराई भी थी. उन्होंने 1982 में आई फिल्म ‘मीरा’ के लिए कई यादगार भक्ति गीत गाए. ‘मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरो न कोई’ जैसे भजन में उनकी आवाज ने मीरा की भक्ति और समर्पण को जीवंत कर दिया. यही वजह थी कि लोग उन्हें आधुनिक India की मीरा कहने लगे. उनके गाए गीतों में भक्ति, प्रेम, विरह और आत्मिक शांति का खूबसूरत मेल सुनाई देता था.
उनका संगीत सफर सिर्फ हिंदी फिल्मों तक सीमित नहीं रहा. उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम, मराठी, Gujaratी, बंगाली, कन्नड़, ओड़िया, संस्कृत, पंजाबी, भोजपुरी और कई अन्य भाषाओं में भी अपनी आवाज दी. अलग-अलग भाषाओं और संगीत शैलियों में सहजता से गाने की उनकी क्षमता ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बनाया. उन्होंने एक हजार से अधिक फिल्मों में 20 हजार से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए. इसके अलावा, उन्होंने बड़ी संख्या में भक्ति गीत और निजी एल्बम भी तैयार किए.
वाणी जयराम को उनके योगदान के लिए कई सम्मान मिले. साल 2023 में उन्हें मरणोपरांत पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया.
–
पीआईएम/एबीएम


