मध्य प्रदेश में अवैध खनिज परिवहन पर लगेगी लगाम, वाहनों की आरएफआईडी टैगिंग अनिवार्य की गई

सीधी, 15 नवंबर . Madhya Pradesh में खनिज विभाग ने अवैध खनिज खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. विभाग ने जिले में आरएफआईडी टैगिंग अभियान शुरू किया है, जिसके तहत अब तक 850 से अधिक वाहनों को टैग किया जा चुका है.
यह आधुनिक सिस्टम जिले में लगे दो एआई-आधारित चेक गेटों के साथ मिलकर काम करेगा. इससे खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों की ट्रैकिंग आसान होगी, ट्रांजिट परमिट की जांच हो सकेगी और निगरानी से बचने की कोशिशों पर भी अंकुश लगेगा.
जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला ने इस अभियान के बारे में जानकारी दी. उन्होंने से बातचीत में बताया कि शासन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि खनिजों का परिवहन करने वाले सभी वाहनों में आरएफआईडी टैग लगाना अनिवार्य होगा. जिले में दो एआई-आधारित चेक गेट स्थापित किए गए हैं. जब कोई वाहन खनिज लेकर इन गेटों से गुजरता है, तो यह सिस्टम उसे ऑटोमेटिक रूप से चेक कर लेता है. इससे वाहन, उसके परमिट और लोड की जानकारी तुरंत सामने आ जाती है.
उन्होंने कहा कि कई बार यह देखा गया कि वाहन चालक नंबर प्लेट हटा लेते थे या लगाते ही नहीं थे. इस वजह से एआई गेट उन वाहनों को पहचान नहीं पाता था और वे निगरानी से बच निकलते थे. इसी समस्या को दूर करने के लिए आरएफआईडी टैग लगाने की व्यवस्था को अनिवार्य किया गया है. अब नंबर प्लेट न होने पर भी वाहन की पहचान हो जाएगी और उसके ट्रांजिट परमिट की जांच की जा सकेगी.
अधिकारी के अनुसार, इस नई व्यवस्था से राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी. शासन का अनुमान है कि आरएफआईडी टैगिंग और एआई चेक गेटों के माध्यम से अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण होगा. जो वाहन बिना परमिट या बिना टैग के पकड़े जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
–
पीआईएम/पीएम


