Skip to content
Friday, 16 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
सुरक्षा,अपराध,राष्ट्रीय

बेंगलुरु में सोना तस्करी के आरोप में तीन महिलाओं समेत चार गिरफ्तार, 2.6 करोड़ का गोल्ड जब्त

Bengaluru में सोना तस्करी के आरोप में तीन महिलाओं समेत चार गिरफ्तार, 2.6 करोड़ का गोल्ड जब्त

Bengaluru, 14 अक्टूबर . कर्नाटक के Bengaluru स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने Dubai से सोने की तस्करी करने के आरोप में तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि आरोपियों ने जांच से बचने के लिए सोने के बिस्कुट अपने पैरों पर बांधकर छिपाए थे. अधिकारियों ने उनके कब्जे से करीब 1.6 किलोग्राम वजन के सोने के 28 बिस्कुट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 2.6 करोड़ रुपये बताई गई है.

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने 13 मोबाइल फोन और आठ लैपटॉप भी जब्त किए हैं.

सूत्रों के अनुसार, सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने खुफिया जानकारी और संदिग्ध यात्रियों की प्रोफाइलिंग के आधार पर यह कार्रवाई की. अधिकारियों ने टर्मिनल-2 के निकास द्वार के पास चारों आरोपियों को रोककर उनकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान आरोपियों के पैरों पर बांधकर छिपाए गए सोने के बिस्कुट बरामद किए गए. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने हवाई अड्डे पर नियमित जांच के दौरान पकड़े जाने से बचने और सोने को अवैध तरीके से ले जाने के लिए यह तरीका अपनाया था.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चारों आरोपी चेन्नई से संचालित होने वाले सोने की तस्करी के एक गिरोह से कथित तौर पर जुड़े हुए हैं. सभी आरोपी तमिलनाडु के चेन्नई स्थित व्यासरपाड़ी के निवासी हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजान बेगम सिराजुद्दीन, नसरीन बानू सिराजुद्दीन, हैरुन फातिमा सिराजुद्दीन और अशरुद्दीन चेल्लादुरई के रूप में हुई है.

जांचकर्ताओं के मुताबिक, नसरीन बानू और हैरुन फातिमा आपस में बहनें हैं और अन्य आरोपियों से भी संबंधित हैं. चारों Dubai से Bengaluru पहुंचे थे. आरोप है कि उन्होंने अपने साथ लाए सोने के 28 बिस्कुट की तस्करी करने का प्रयास किया. करीब 2.6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बरामदगी के बाद अधिकारियों ने तस्करी के संभावित नेटवर्क की जांच तेज कर दी है. जांच एजेंसियां सोने के स्रोत, आरोपियों की भूमिका और इस गिरोह में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता का पता लगाने में जुटी हैं.

सीमा शुल्क विभाग ने आरोपियों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों के अनुसार, यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी पहले भी सोने की तस्करी की ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.

–

डीएससी

Share