बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज: खराब रोशनी के कारण पहले दिन सिर्फ 74 ओवरों का खेल, शतक से एक रन दूर शादमान

ढाका, 28 अक्टूबर . बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन सिर्फ 74 ओवरों का खेल हो सका. खराब रोशनी के चलते खेल को बार-बार रोकना पड़ा, जिसके बाद अंतत: स्टंप्स की घोषणा कर दी गई. दिन की समाप्ति तक बांग्लादेश ने 3 विकेट गंवाकर 213 रन बना लिए थे. सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम शतक से महज 1 रन दूर हैं.
ढाका में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम को महज 9 के स्कोर पर पहला झटका लगा. तंजीद हसन तमीम महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिसके बाद शादमान इस्लाम ने मोमिनुल हक के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की. मोमिनुल ने टीम के खाते में 2 चौकों के साथ 28 रन का योगदान दिया.
मेजबान टीम ने 68 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद शादमान ने कप्तान नजमुल हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जुटाए. नजमुल टीम के खाते में सिर्फ 19 रन जोड़ सके.
इसके बाद तौहीद हिरदॉय बल्लेबाजी के लिए उतरे. उन्होंने शादमान के साथ 182 गेंदों में 88 रन की साझेदारी कर ली थी, लेकिन इसके बाद बाएं पैर में तकलीफ के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटना पड़ा. उस समय तक तौहीद 84 गेंदों में 3 चौकों के साथ 42 रन बना चुके थे.
उनके स्थान पर विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास मैदान पर उतरे, जिन्होंने दिन की समाप्ति तक शादमान के साथ 49 गेंदों में 15 रन जुटाए. स्टंप्स तक शादमान 99 रन बना चुके थे. अपनी पारी में 219 गेंदों का सामना करते हुए उन्होंने 10 चौके लगाए हैं. वहीं, लिटन दास ने 28 गेंदों में 1 चौके के साथ 10 रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं.
वेस्टइंडीज की तरफ से जोमेल वारिकन 14 ओवरों में 33 रन देकर 2 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि जायडेन सील्स ने 8 ओवरों में 14 रन देकर 1 विकेट चटकाया है.
नजमुल हुसैन शान्तो की कप्तानी में बांग्लादेशी टीम शादमान इस्लाम, तंजीद हसन तमीम, मोमिनुल हक, तौहीद हिरदॉय, लिटन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज,नईम हसन, तैजुल इस्लाम, हसन महमूद और शोरफुल इस्लाम के साथ मैदान पर उतरी है.
वहीं, वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन में जॉन कैंपबेल, ब्रैंडन किंग, टैगेनारिन चंद्रपॉल, कावेम हॉज, अमीर जंगू (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, रोस्टन चेस (कप्तान), जोमेल वारिकन, शमार जोसेफ, जेडेन सील्स और जोशुआ बिशप मौजूद हैं.
–
आरएसजी


