बंगाल के सनातनी चरित्र को दबाया गया, अब धार्मिक आयोजनों से दिख रहा उत्साह : दिलीप घोष

न्यू टाउन, 17 नवंबर . पश्चिम बंगाल के कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष ने राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए. उन्होंने कहा कि बंगाल हमेशा से सनातनी परंपराओं और संस्कृति का केंद्र रहा है लेकिन पिछले 50 वर्षों में राज्य के इस वास्तविक चरित्र को दबाने का प्रयास किया गया. उन्होंने दावा किया कि अब धार्मिक आयोजनों के जरिए लोगों में एक बार फिर उत्साह और जागरुकता देखने को मिल रही है.
पश्चिम बंगाल Government के मंत्री दिलीप घोष को न्यू टाउन स्थित इको पार्क में सुबह की सैर के दौरान इस्कॉन के साधुओं के साथ ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ का जाप करते और भक्ति में झूमते हुए देखा गया. इस दौरान उन्होंने राज्य में आयोजित हो रहे धार्मिक कार्यक्रमों और हिंदू समाज की भागीदारी पर भी अपनी बात रखी.
उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम में पांच लाख लोगों के बैठने की क्षमता नहीं है, इसके बावजूद वहां गीता, हनुमान चालीसा और अन्य धार्मिक ग्रंथों के पाठ जैसे आयोजन बड़े पैमाने पर किए जा रहे हैं.
दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल का इतिहास सनातनी संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से जुड़ा रहा है. ‘वंदे मातरम’ की रचना इसी धरती पर हुई थी. मां दुर्गा को राष्ट्रभक्ति से जोड़कर देश में जागरूकता पैदा की गई और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कई क्रांतिकारी गतिविधियां भी बंगाल से संचालित हुईं. छठ पूजा, दुर्गा पूजा, काली पूजा, लक्ष्मी पूजा और गणेश पूजा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में इन त्योहारों को बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है और इनमें बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं.
गंगासागर मेले को लेकर घोष ने कहा कि यह केवल ऐतिहासिक आयोजन नहीं बल्कि कपिल मुनि से जुड़ा एक पौराणिक और धार्मिक मेला है. इससे देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है. उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय मेले का दर्जा देने और संगम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की जरूरत बताई.
हिंदू समाज के विरोध के तरीके पर उन्होंने कहा कि हिंदू हथियारों से नहीं बल्कि अपने आचरण, तपस्या और शांतिपूर्ण धार्मिक आयोजनों के माध्यम से जवाब देते हैं. उन्होंने मुगल शासन के दौरान हुए अत्याचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में भी कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन आस्था की अभिव्यक्ति का माध्यम बने थे.
इसके अलावा दिलीप घोष ने बंगाल के कुछ जिलों और सीमावर्ती इलाकों में हिंदुओं की आबादी घटने की बात कही. उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में हिंदू आबादी शून्य तक पहुंच गई है. ऐसे इलाकों में पहले शंख बजने और शाम को दीपक जलने की परंपरा भी समाप्त हो गई थी. अब दीपावली और काली पूजा जैसे त्योहारों को बड़े स्तर पर मनाकर लोग अपनी धार्मिक पहचान और विरोध दर्ज करा रहे हैं.
–
एसएके/पीएम


