पौड़ी में 16 नवंबर से शुरू होगा शरदोत्सव, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी खास : हिमानी नेगी

पौड़ी गढ़वाल, 14 नवंबर . पहाड़ की लोक संस्कृति, खेल और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए पौड़ी में इस बार शरदोत्सव-2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है. नगर पालिका परिषद की ओर से 16 से 18 नवंबर तक तीन दिवसीय शरदोत्सव आयोजित किया जाएगा. महोत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
रामलीला मैदान में होने वाले इस आयोजन में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. इनमें हेमा नेगी करासी, किशन महिपाल, रेशमा शाह और अमित सागर जैसे नाम शामिल हैं. इसके अलावा जागर, तांदी, छोपती, चांचड़ी और पांडव नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध पारंपरिक लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलेगी.
महोत्सव के दौरान कई मनोरंजक और रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी. इनमें मैराथन, फैंसी ड्रेस, चित्रकला, मेहंदी, रंगोली, वाद-विवाद, म्यूजिकल चेयर और रस्साकशी शामिल हैं.
नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि इस बार खेलकूद की प्रतियोगिताएं थोड़ी कम रखी गई हैं. केवल मैराथन और रस्साकशी को ही प्रमुख खेल के रूप में शामिल किया गया है. बाकी आयोजन उत्सव के माहौल को ध्यान में रखकर रखे गए हैं, ताकि लोग आनंद के साथ अपनी प्रतिभा दिखा सकें.
हिमानी नेगी ने कहा कि मुख्य अतिथि को लेकर अभी बातचीत चल रही है और किसी के नाम को अंतिम रूप नहीं दिया गया है. उनके लिए सबसे बड़े मुख्य अतिथि पौड़ी की जनता ही है. उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में आकर महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आयोजन को सफल बनाएं. जनता का यही सहयोग सबसे बड़ा योगदान होगा.
आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना है. इसके साथ ही पौड़ी की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना और पर्यटन को बढ़ावा देना भी इसका अहम लक्ष्य है. नगर पालिका को उम्मीद है कि इस तीन दिवसीय उत्सव से पौड़ी में उत्साह और रौनक बढ़ेगी और स्थानीय कलाकारों को अपनी कला दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा.
–
पीआईएम/पीएम


