नाबालिग किशोरी की आत्महत्या के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, लापरवाही पर चौकी इंचार्ज निलंबित

Lucknow, 3 नवंबर . Lucknow में मलिहाबाद थाना क्षेत्र के रमगढ़ा गांव में नाबालिग किशोरी की आत्महत्या के मामले में Police ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, किशोरी के पिता के साथ पांच महीने पहले हुई मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई न करने के आरोप में कसमंडी कला चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. मामले में उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
Police के मुताबिक, दो नवंबर 2026 को थाना मलिहाबाद के रमगढ़ा गांव में एक नाबालिग किशोरी के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही Police मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. महिला उपनिरीक्षक आशी गुप्ता ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की.
इस मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना मलिहाबाद में हंस कुमार, पुत्र श्याम सुंदर, उसके भाई विनय कुमार, पिता श्याम सुंदर और मां राम लल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
परिजनों ने आरोप लगाया कि हंस कुमार किशोरी को डराता-धमकाता था और उस पर अपने साथ चलने का दबाव बनाता था. इसके अलावा आरोप है कि करीब पांच महीने पहले हंस कुमार और उसके परिवार के लोगों ने किशोरी के पिता राम लखन के साथ मारपीट की थी. दोनों परिवार पड़ोसी होने के साथ रिश्तेदार भी हैं. श्याम सुंदर और राम लखन के दादा आपस में सगे भाई थे.
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पांच महीने पहले हुई मारपीट की शिकायत कसमंडी कला चौकी पर दी गई थी, लेकिन तत्कालीन चौकी इंचार्ज ने उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की.
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीपी मलिहाबाद ने मामले की जांच की. जांच में प्रथम दृष्टया चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक विवेक कुमार की लापरवाही सामने आई. जन शिकायत के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर Police उपायुक्त उत्तरी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी संस्थित की गई है.
Police के अनुसार, किशोरी की आत्महत्या से जुड़े मामले में मुख्य आरोपी हंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपों की जांच और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.
–
एसएके/एएस


