दूसरा टेस्ट: अफगानिस्तान के खिलाफ शतक से महज 4 रन दूर ब्रेंडन टेलर, पहले दिन की समाप्ति तक जिम्बाब्वे- 250/5

शारजाह, 13 नवंबर . जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में संभली हुई शुरुआत की है. इस टीम ने पहले दिन की समाप्ति तक 82 ओवरों का सामना किया और 5 विकेट खोकर 250 रन बना लिए हैं.
शारजाह में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को इनोसेंट काइया और बेन करेन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े.
बेन करेन 77 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद काइया ने ब्रेंडन टेलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के स्कोर तक पहुंचाया. इनोसेंट काइया 12 बाउंड्री के साथ 96 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद टीम ने कप्तान ब्रायन बेनेट (0) और वेस्ली मधेवेरे (3) के विकेट तेजी से गंवाए और 212 के स्कोर तक टीम को चौथा झटका भी लग गया.
यहां से ब्रेंडन टेलर ने मोर्चा संभाला. उन्होंने अंतुम नकवी के साथ पांचवें विकेट के लिए 78 गेंदों में 35 रन जोड़कर टीम को संभाला. दिन की समाप्ति तक टेलर 1 छक्के और 12 चौकों के साथ 96 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि तफाद्जवा त्सिगा ने अपने खाते में 2 रन जुटा लिए हैं.
अफगानिस्तान की तरफ से नसीर खान मारूफखिल ने 34 ओवरों में 118 रन देकर 4 विकेट हासिल किए हैं, जबकि एक विकेट जियाउर रहमान शरीफी के हाथ लगा है.
रहमत शाह की कप्तानी में अफगानिस्तान की टीम सेदिकुल्लाह अटल, अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह जादरान, हशमतुल्लाह शाहिदी, अफसर जजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), नसीर खान मारूफखिल, मोहम्मद सलीम सफी, यामीन अहमदजई और जियाउर्रहमान शरीफी के साथ इस मैच में उतरी है.
वहीं, जिम्बाब्वे की टीम इनोसेंट काइया, बेन करन, ब्रेंडन टेलर, ब्रायन बेनेट (कप्तान), वेस्ली मधेवेरे, एंटम नकवी, तफादजवा त्सिगा (विकेट कीपर), ब्रैड इवांस, ग्रेम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी और विंसेंट मसेकेसा के साथ यह मुकाबला खेल रही है.
अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था. ऐसे में दोनों टीमें दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेंगी. इससे पहले, अफगान टीम तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 3-0 से ‘क्लीन स्वीप’ कर चुकी है.
–
आरएसजी


