Skip to content
Saturday, 21 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
अंतरराष्ट्रीय

थाईलैंड अमेरिकी उत्पादों पर सभी शुल्क खत्म करेगा, 2.6 अरब डॉलर के कृषि उत्पाद खरीदने की भी तैयारी: ट्रंप

थाईलैंड अमेरिकी उत्पादों पर सभी शुल्क खत्म करेगा, 2.6 अरब डॉलर के कृषि उत्पाद खरीदने की भी तैयारी: ट्रंप

वाशिंगटन, 21 नवंबर . अमेरिकी President डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि थाईलैंड ने अमेरिका से आयात होने वाले सभी उत्पादों पर शुल्क खत्म करने के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. उनके अनुसार, बैंकॉक ने हर साल अमेरिका से 2.6 अरब डॉलर के कृषि उत्पाद खरीदने की इच्छा भी जताई है.

हालांकि, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस खरीद का आंकड़ा और बढ़ाने की कोशिश करेगा.

एशिया की चार दिवसीय यात्रा से लौटने के बाद Friday को व्हाइट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने कहा, “थाईलैंड ने अमेरिकी उत्पादों पर सभी शुल्क खत्म करने के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.”

उन्होंने यह भी दावा किया कि थाईलैंड ने गैर-शुल्क बाधाओं को भी हटा दिया है. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये बाधाएं कौन-सी थीं और शुल्क में कटौती कब से लागू होगी.

ट्रंप के मुताबिक, 2.6 अरब डॉलर का आंकड़ा थाईलैंड की ओर से हर साल अमेरिकी कृषि उत्पाद खरीदने की शुरुआती इच्छा को दर्शाता है. उन्होंने कहा, “यह केवल शुरुआती आंकड़ा है. हम इससे अधिक की मांग करेंगे.”

थाईलैंड के साथ हुआ समझौता उन दो व्यापारिक समझौतों में शामिल है, जिनकी घोषणा ट्रंप ने अपनी एशिया यात्रा के दौरान की. दूसरा समझौता फिलीपींस के साथ एक रूपरेखा के तौर पर हुआ है. ट्रंप ने दोनों समझौतों को अमेरिकी किसानों के लिए फायदेमंद बताया, हालांकि दोनों देशों से की गई उनकी मांगों में अंतर था.

ट्रंप ने बताया कि मनीला में उन्होंने फिलीपींस के President फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर से एक जनवरी से देश की कृषि संबंधी सभी आयात जरूरतों को अमेरिकी किसानों से पूरा करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि फिलीपींस अब तक ब्राजील से बड़ी मात्रा में कृषि उत्पाद खरीदता रहा है. ट्रंप ने चीन के साथ संभावित टकराव का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में फिलीपींस को अमेरिकी मदद की जरूरत पड़ेगी.

अमेरिकी President ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के नेताओं के साथ बैठकों के दौरान हुए वाणिज्यिक समझौतों का कुल मूल्य 17 अरब डॉलर से अधिक बताया. इनमें फिलीपींस की विमानन कंपनी फिलीपीन एयरलाइंस की ओर से 20 बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों का ऑर्डर भी शामिल है. इन विमानों में जनरल इलेक्ट्रिक के इंजन लगाए जाएंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि फिलीपींस और मलेशिया अमेरिकी तकनीक तथा सेवाओं का इस्तेमाल अपने क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए करने पर सहमत हुए हैं.

संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप के साथ मौजूद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने दक्षिण-पूर्व एशिया में अमेरिका के आर्थिक हितों को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि आसियान शिखर सम्मेलनों में अमेरिका की भागीदारी का सीधा आर्थिक महत्व है. इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाएं अमेरिकी उत्पादों के लिए बड़े बाजार हैं और यहां होने वाली बिक्री से अमेरिका में रोजगार के अवसर पैदा होते हैं.

ट्रंप ने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच संघर्ष का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि थाईलैंड के Prime Minister ने संघर्ष में उनके हस्तक्षेप के लिए आभार जताया और बताया कि उनकी भूमिका के संबंध में नोबेल समिति को पत्र लिखा गया है. ट्रंप के अनुसार, कंबोडिया के Prime Minister हुन मानेत ने भी उनसे कहा कि उनके हस्तक्षेप के बिना दोनों देशों के बीच लड़ाई जारी रहती.

हालांकि, ट्रंप ने यह संकेत नहीं दिया कि व्यापार समझौते को दोनों देशों के बीच संघर्ष से जुड़े किसी नए कदम के साथ जोड़ा गया है. थाईलैंड के साथ बातचीत में उन्होंने जिस मुद्दे पर आगे और प्रयास करने की बात कही, वह अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद का आंकड़ा बढ़ाना था.

उल्लेखनीय है कि थाईलैंड वर्ष 1967 में बैंकॉक में स्थापित दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) के पांच संस्थापक सदस्यों में शामिल था. फिलीपींस, इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर अन्य चार संस्थापक देश थे. आसियान के मंच के जरिए अमेरिका को दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ सामूहिक रूप से व्यापार और आर्थिक सहयोग पर बातचीत का अवसर मिलता है.

–

केआर/

Share